वर्दी पर दाग! जौनपुर में मोबाइल शॉप से चोरी करते पकड़े गए दो सिपाही, एसपी ने किया निलंबित

जौनपुर/उत्तर प्रदेश। जिले के लाइन बाजार थाना क्षेत्र में पुलिस विभाग को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक मोबाइल दुकान पर फोन खरीदने पहुंचे दो सिपाहियों पर चोरी का आरोप लगा है। सीसीटीवी फुटेज में एक सिपाही द्वारा नया आईफोन चुराते हुए स्पष्ट रूप से देखे जाने के बाद दुकानदार की शिकायत पर दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने दोनों सिपाहियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, धनंजय बिन्द और मिथिलेश यादव नामक दो सिपाही एक मोबाइल शॉप पर आईफोन खरीदने पहुंचे थे। दुकान में फोन दिखाने के दौरान एक सिपाही ने कथित रूप से चालाकी से अपना पुराना आईफोन काउंटर पर रख दिया और नया आईफोन चुपके से अपनी जेब में रख लिया। इसके बाद दोनों ने दुकानदार से कहा कि उन्हें मोबाइल पसंद नहीं आया और वे बिना खरीदारी किए वहां से चले गए।

कुछ देर बाद जब दुकानदार को मोबाइल के मिलान में गड़बड़ी का संदेह हुआ तो उसने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज देखने पर सिपाही द्वारा मोबाइल जेब में रखते हुए साफ तौर पर दिखाई दिया। इसके बाद दुकानदार ने बिना देर किए संबंधित थाने में दोनों सिपाहियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई।

मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। पुलिस अधीक्षक ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपित सिपाहियों—धनंजय बिन्द और मिथिलेश यादव—को निलंबित कर दिया। साथ ही पूरे प्रकरण की विभागीय जांच के आदेश भी दिए गए हैं।

स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर नाराजगी देखी जा रही है। आमजन का कहना है कि कानून की रक्षा करने वालों पर ही जब ऐसे आरोप लगते हैं तो इससे पुलिस की साख को गहरा धक्का पहुंचता है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून सबके लिए समान है और यदि कोई पुलिसकर्मी भी दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है और आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।
और नया पुराने