Jamui: नौ दिवसीय विराट महायज्ञ से पूर्व 2100 कलशों के साथ निकली भव्य यात्रा, राममय हुआ माहौल

जमुई/बिहार। जिलांतर्गत गिद्धौर में सनातन संस्कृति सेवा समिति के तत्वावधान में 2 फरवरी से 10 फरवरी तक आयोजित होने वाले नौ दिवसीय विराट महायज्ञ को लेकर रविवार को गिद्धौर में आस्था और श्रद्धा का अभूतपूर्व दृश्य देखने को मिला। महायज्ञ के पूर्व रविवार को 2100 कलशों के साथ भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में कन्याओं एवं महिलाओं ने सहभागिता कर आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया।
 सुबह पंच मंदिर परिसर से प्रारंभ हुई कलश यात्रा में सिर पर कलश धारण किए महिलाएं भक्ति भाव से शामिल हुईं। शंखनाद, घंटियों की गूंज और भजन-कीर्तन से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। यात्रा पंच मंदिर से शुरू होकर उलाई , नागी एवं नकटी नदी के संगम तट से जल भरकर मां दुर्गा मंदिर, महावीर मंदिर, मां त्रिपुर सुंदरी मंदिर, बाबा बूढ़ा नाथ मंदिर और मां बूढ़ी स्थान मंदिर होते हुए पुनः पंच मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। मार्ग में श्रद्धालुओं द्वारा जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। 

कलश यात्रा में यज्ञाचार्य पंडित विजय पांडेय अपने सहयोगियों के साथ, वृंदावन से पधारे रामकथा प्रवक्ता पंडित कृष्णकांत जी महाराज तथा प्रयागराज से आई रामलीला मंडली के प्रमुख धर्मदेव व्यास अपने सहयोगियों के साथ सम्मिलित हुए। संत-महात्माओं की उपस्थिति से आयोजन की गरिमा और बढ़ गई।

 सनातन संस्कृति सेवा समिति के अध्यक्ष सोनू कुमार एवं सचिव सुमन कुमार ने बताया कि 2 फरवरी से 10 फरवरी तक चलने वाले विराट महायज्ञ के दौरान प्रतिदिन वैदिक मंत्रोच्चार के साथ यज्ञ एवं अन्य धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे। प्रतिदिन शाम 6 बजे से रामकथा, रात 8 बजे से रामलीला मंचन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रतिदिन शाम 7 बजे से भंडारे की व्यवस्था भी की गई है।

 समिति के कोषाध्यक्ष बिट्टू कुमार ने बताया कि इस धार्मिक आयोजन में शामिल होने के लिए देश व प्रदेश की कई प्रमुख सामाजिक, राजनीतिक एवं सांस्कृतिक हस्तियों को आमंत्रण भेजा गया है। आयोजन को लेकर क्षेत्र में खासा उत्साह देखा जा रहा है। 

समिति के वरिष्ठ सदस्य सुशांत साईं सुंदरम ने बताया कि अयोध्या धाम में भगवान श्रीरामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद गिद्धौर में ऐसे धार्मिक आयोजनों की निरंतर परंपरा शुरू हुई, जो इस वर्ष तीसरे क्रम में और भी वृहद रूप में आयोजित की जा रही है।

 कलश यात्रा को सफल बनाने में समिति के उपाध्यक्ष राजेश कुमार उर्फ पाजो जी, सह-कोषाध्यक्ष रॉकी कुमार, सदस्य आशीष कुमार गुप्ता, आदित्य रावत, सत्यम केशरी, अंजेश कुमार, राजा रजक, धीरज रावत, जॉनी रजक, राकेश राम, मिथलेश कुमार, रॉनित कुमार, विकास कुमार, प्रिंस झा, ठाकुर अंकित, बजरंगी रावत, सुबोध रावत सहित समिति के पदाधिकारियों, सदस्यों एवं ग्रामीणों का सराहनीय योगदान रहा। कार्यक्रम में मनीष कुमार पांडेय, राजीव रावत, डॉ. संजय मंडल, डॉ. उत्कर्ष कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण व श्रद्धालु उपस्थित रहे।
और नया पुराने