जमुई/बिहार। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर साईकिल यात्रा एक विचार, जमुई के तत्वावधान में 528वीं रविवारीय साइकिल यात्रा श्रद्धा, उत्साह और सामाजिक प्रतिबद्धता के साथ आयोजित की गई। इस दौरान पौधारोपण कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का सशक्त संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के तहत एक दर्जन सदस्यों का कारवां श्री कृष्ण सिंह स्टेडियम से साइकिल यात्रा पर निकला और विभिन्न मार्गों से होते हुए बिहारी मुहल्ला पहुंचा। वहां भरत विश्वकर्मा एवं दिलीप विश्वकर्मा की निजी जमीन पर दो दर्जन पौधे लगाए गए। सदस्यों ने पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प भी लिया।
मौके पर उपस्थित लड्डू मिश्रा एवं दीपक विश्वकर्मा ने कहा कि भगवान शिव को प्रकृति के देवता के रूप में पूजा जाता है। उनका जीवन सादगी, संतुलन और प्रकृति के साथ सामंजस्य का संदेश देता है। ऐसे में शिवरात्रि जैसे आध्यात्मिक पर्व पर पौधारोपण करना पर्यावरण के प्रति सच्ची आस्था का प्रतीक है।
सदस्य संजीत कुमार और अरुणेश मिश्रा ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों के बीच प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसकी देखभाल सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि संगठन द्वारा लगातार 528 सप्ताह से चलाया जा रहा यह अभियान अब जन-जागरूकता का प्रभावी माध्यम बन चुका है और समाज में सकारात्मक परिवर्तन की मिसाल पेश कर रहा है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से संकल्प लिया कि भविष्य में भी धार्मिक एवं सामाजिक अवसरों को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हुए जागरूकता अभियान जारी रखा जाएगा।
इस अवसर पर संजीत कुमार, दिलीप कुमार, भरत तांती, दीपक कुमार, अभिनाश कुमार, शुभम कुमार, कृषभ कुमार, सत्यम कुमार, विशाल सिंह, अरुणेश मिश्रा, विवेक कुमार, गोलू कुमार, हर्ष कुमार सिन्हा, शिवम कुमार, रामप्रवेश कुमार, रोहित कुमार, राजीव कुमार, सोनू कुमार सहित कई नागरिक मौजूद रहे।
Tags:
Bihar



