Barabanki: शादी के बाद दूल्हा निकला किन्नर, हंगामे के बीच बारात में मची अफरा-तफरी

बाराबंकी/उत्तर प्रदेश। जिले के कोठी थाना क्षेत्र के एक गांव में गुरुवार, 13 फरवरी को आयोजित एक शादी समारोह उस समय सनसनीखेज मोड़ पर पहुंच गया, जब फेरे के बाद दूल्हे के किन्नर होने का खुलासा हो गया। घटना की जानकारी फैलते ही बारात में अफरा-तफरी मच गई और कई बाराती मौके से भाग निकले।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गाजे-बाजे और नाच-गाने के साथ बारात धूमधाम से गांव पहुंची थी। परंपरागत रीति-रिवाजों के साथ बारात का स्वागत हुआ। जयमाल की रस्म के बाद अग्नि के समक्ष सात फेरे भी संपन्न हो गए। सुबह विदाई की तैयारी चल रही थी, तभी अचानक घटनाक्रम ने नया मोड़ ले लिया।

बताया जाता है कि विदाई से पहले नेग मांगने किन्नर समुदाय के कुछ लोग पहुंचे। दूल्हे को देखते ही उन्होंने उसे पहचान लिया। दावा किया गया कि दूल्हा पूर्व में उनके साथ रहता था और ढोल बजाने का कार्य करता था। इसके बाद वहां मौजूद लोगों में कानाफूसी शुरू हो गई।

सूत्रों के अनुसार, मामला दबाने के लिए दूल्हे ने किन्नरों को 23 हजार रुपये देने की कोशिश की। इसी दौरान दुल्हन पक्ष के लोगों को शक हुआ। जब उन्होंने दूल्हे की जांच की बात कही तो वह मौके से भागने लगा। इस बीच किन्नर समुदाय के लोगों ने दूल्हे के किन्नर होने का खुलासा कर दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही दुल्हन पक्ष के लोग आक्रोशित हो गए और दूल्हे को पकड़कर बंधक बना लिया। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही किन्नर समुदाय के सदस्य उसे अपने साथ लेकर चले गए।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि तहरीर मिलने पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं बनी हुई हैं।
और नया पुराने