शांभवी को मिली बड़ी जिम्मेदारी, लोजपा (रामविलास) छात्र प्रकोष्ठ की बनीं राष्ट्रीय अध्यक्ष, मंत्री चिराग से की मुलाकात

नई दिल्ली। बिहार की युवा राजनीति में उभरता हुआ चेहरा मानी जा रहीं समस्तीपुर लोकसभा क्षेत्र की सांसद शांभवी चौधरी को लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के छात्र प्रकोष्ठ का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इस नियुक्ति के बाद पार्टी संगठन में नई ऊर्जा और युवाओं की भागीदारी को लेकर सकारात्मक संदेश गया है।

नई जिम्मेदारी मिलने के बाद बीते मंगलवार को शांभवी चौधरी ने नई दिल्ली में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने संगठनात्मक कार्यों, युवाओं को पार्टी से जोड़ने की रणनीति तथा छात्र राजनीति को मजबूत बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की और उनका मार्गदर्शन प्राप्त किया।

बताया जा रहा है कि इस मुलाकात में चिराग पासवान ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई देते हुए संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने, अधिक से अधिक युवाओं को जोड़ने और छात्र हितों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी का छात्र प्रकोष्ठ आने वाले समय में युवाओं की आवाज को मजबूती से उठाने में अहम भूमिका निभाएगा।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि शांभवी चौधरी की यह नियुक्ति लोजपा (रामविलास) की युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाने की रणनीति का हिस्सा है। इससे पार्टी को न केवल छात्र वर्ग में मजबूती मिलेगी, बल्कि बिहार सहित देशभर में युवाओं के बीच उसकी पकड़ और मजबूत हो सकती है।

इस घटनाक्रम को पार्टी के संगठनात्मक विस्तार और आगामी चुनावी तैयारियों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। शांभवी चौधरी के नेतृत्व में छात्र प्रकोष्ठ को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
और नया पुराने