जमुई/बिहार। चैत्र नवरात्र की महानवमी के पावन अवसर पर जमुई जिला अंतर्गत गिद्धौर स्थित गायत्री ज्ञान मंदिर में श्रद्धा, आस्था और भक्तिभाव के साथ नवरात्र की पूर्णाहुति संपन्न हुई। इस अवसर पर मंदिर परिसर में विशेष हवन-यज्ञ, पूजन-अर्चन एवं कन्या पूजन का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच हवन-यज्ञ का आयोजन किया गया, जिससे पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर हो गया। श्रद्धालुओं ने यज्ञ में आहुति देकर सुख-समृद्धि एवं विश्व कल्याण की कामना की।
इसके उपरांत कन्या पूजन का कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें छोटी-छोटी कन्याओं को माता का स्वरूप मानकर उनकी विधिवत पूजा की गई। उन्हें भोजन कराकर एवं उपहार भेंट कर आशीर्वाद प्राप्त किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
पूरे कार्यक्रम के दौरान कर्मकांड को संपन्न कराने में सोनी बरनवाल एवं मानसी बरनवाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं आयोजन की सफलता में सुखदेव बरनवाल, महेश बरनवाल, रेनू देवी सहित गायत्री परिवार के अन्य सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।
इस धार्मिक आयोजन ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया और नवरात्र के समापन के साथ ही श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा से सुख, शांति और समृद्धि की प्रार्थना की।
Tags:
Bihar

