जमुई/बिहार। पर्यावरण संरक्षण और जनजागरूकता को समर्पित ‘साइकिल यात्रा एक विचार’ समूह ने रविवार को अपनी लगातार 535वीं यात्रा सफलतापूर्वक पूरी की। यह यात्रा जमुई प्रखंड परिसर से शुरू होकर कटौना ग्राम तक पहुंची, जहां सदस्यों ने पौधारोपण और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर ग्रामीणों को प्रकृति के महत्व से अवगत कराया।
आज की इस विशेष साइकिल यात्रा का नेतृत्व समूह के सक्रिय सदस्य संजय कुमार के देखरेख में किया गया। यात्रा के दौरान सभी सदस्यों ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को प्रेरित करने का संकल्प दोहराया। कटौना ग्राम पहुंचने पर यात्रा का समापन एक सार्थक सामाजिक गतिविधि के साथ हुआ।
कटौना ग्राम में मुर्गी फार्म संचालक बिट्टू सिंह की निजी भूमि पर समूह के सदस्यों द्वारा महोगनी, शरीफा सहित विभिन्न उपयोगी पौधों का रोपण किया गया। इस दौरान सदस्यों ने पौधों के संरक्षण और उनके नियमित देखभाल का भी संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान सदस्य राहुल ऋतुराज ने आसपास के ग्रामीण बच्चों को एकत्रित कर उन्हें पेड़-पौधों और प्रकृति के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मानव जीवन की सभी मूलभूत आवश्यकताएं, जैसे शुद्ध वायु, जल, फल-फूल, औषधियां और खाद्य पदार्थ, प्रकृति से ही प्राप्त होते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि प्रकृति न केवल हमारे शारीरिक स्वास्थ्य के लिए जरूरी है, बल्कि यह मानसिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा का भी प्रमुख स्रोत है।
सक्रिय सदस्य सिंटू कुमार ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि केवल ‘पेड़ लगाओ, पर्यावरण बचाओ’ का नारा पर्याप्त नहीं है, बल्कि इसके लिए हमें अपने व्यवहार और जीवनशैली में बदलाव लाना होगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में मानव की स्वार्थपूर्ण गतिविधियों और अंधाधुंध औद्योगिकीकरण के कारण जंगलों की कटाई तेजी से हो रही है, जिससे प्राकृतिक संसाधनों की कमी और पर्यावरण असंतुलन की समस्या बढ़ती जा रही है।
समूह के सदस्य रनधीर कुमार ने कहा कि प्रकृति हमें सहनशीलता, निरंतरता, निस्वार्थता, त्याग और ईमानदारी जैसे महत्वपूर्ण जीवन मूल्यों की शिक्षा देती है। उन्होंने कहा कि प्रकृति ईश्वर का दिया हुआ सबसे अनमोल उपहार है, जिसकी रक्षा करना प्रत्येक व्यक्ति का धर्म और कर्तव्य है। उन्होंने यह भी चेताया कि यदि प्रकृति में हमारी रक्षा करने की क्षमता है, तो उसमें विनाश की भी अपार शक्ति निहित है, इसलिए पर्यावरण संतुलन बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी सदस्यों और ग्रामीणों ने यह संकल्प लिया कि वे पर्यावरण को स्वच्छ और संतुलित बनाए रखने के लिए मिलकर प्रयास करेंगे, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी प्रकृति के इस अनमोल उपहार का लाभ उठा सकें।
इस अवसर पर हरेराम कुमार सिंह, शेषनाथ राय, संदीप रंजन, राहुल सिंह, अजीत कुमार, सिंटू कुमार, चंदन कुमार आनंद, संजय कुमार, राहुल ऋतुराज, बिट्टू कुमार सहित कई अन्य सदस्य एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
यह साइकिल यात्रा न केवल एक अभियान है, बल्कि पर्यावरण के प्रति समाज को जागरूक करने का एक सतत प्रयास बन चुका है, जो हर चरण के साथ लोगों को प्रकृति के और करीब ला रहा है।
Tags:
Bihar




