बलिया में डॉ. अंबेडकर की मूर्ति क्षतिग्रस्त, ग्रामीणों में आक्रोश, प्रशासन ने संभाला मोर्चा

बलिया/उत्तर प्रदेश। जिले के रसड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत रोहना गांव में उस समय तनाव का माहौल बन गया, जब अराजक तत्वों द्वारा डॉ. भीमराव अंबेडकर की मूर्ति को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में आक्रोश फैल गया और सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए।

स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह जब ग्रामीणों की नजर मूर्ति पर पड़ी तो वह टूटी-फूटी अवस्था में मिली। यह खबर पूरे इलाके में तेजी से फैल गई, जिसके बाद लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठने लगी।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन तुरंत हरकत में आया। मौके पर क्षेत्राधिकारी (CO) रसड़ा और नायब तहसीलदार पहुंच गए। अधिकारियों ने ग्रामीणों से संवाद कर उन्हें शांत कराने का प्रयास किया और आश्वासन दिया कि दोषियों को जल्द चिन्हित कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस प्रशासन ने कहा है कि मूर्ति की जल्द मरम्मत कराई जाएगी, ताकि स्थिति सामान्य हो सके। साथ ही, पूरे मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है और आसपास के क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है।

इस घटना के बाद गांव में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो। वहीं, ग्रामीणों की मांग है कि दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सख्त सजा दी जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
और नया पुराने