छठ महापर्व पर वाराणसी की सड़कों पर बदलेगा ट्रैफिक का मिजाज! 15 नवंबर से कई रास्तों पर पहरा, घाटों तक जाने के लिए जारी हुई नई पार्किंग व्यवस्था


गोदौलिया, मैदागिन, अस्सी, राजघाट और सामने घाट पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित, 15 नवंबर दोपहर 12 बजे से लागू होगा डायवर्जन; 16 नवंबर की सुबह तक रहेगी व्यवस्था

वाराणसी। छठ महापर्व पर गंगा घाटों में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए वाराणसी कमिश्नरेट की यातायात पुलिस ने शहर के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है। 15 नवंबर की शाम अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने और 16 नवंबर की सुबह उदीयमान सूर्य की उपासना के लिए बड़ी संख्या में व्रतियों और श्रद्धालुओं के घाटों पर पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए शहर के कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही रोकी जाएगी और वैकल्पिक रास्तों के साथ पार्किंग स्थल भी निर्धारित किए गए हैं।

यातायात पुलिस के अनुसार, डायवर्जन व्यवस्था 15 नवंबर को दोपहर 12 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक तथा 16 नवंबर को सुबह 3 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक प्रभावी रहेगी। इस दौरान गोदौलिया, दशाश्वमेध, अस्सी, राजघाट, नमो घाट, सामने घाट और बीएलडब्ल्यू समेत कई क्षेत्रों में वाहन चालकों को निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करना होगा।

गोदौलिया-दशाश्वमेध क्षेत्र में वाहनों का प्रवेश बंद

छठ पूजा के दौरान गोदौलिया और आसपास के घाटों पर भीड़ नियंत्रित करने के लिए कई रास्तों पर प्रतिबंध लगाया गया है।

- रामापुरा चौराहे से गोदौलिया की ओर वाहनों को जाने की अनुमति नहीं होगी। पूजा में आने वाले वाहनों को मजदा टॉकीज और सनातन धर्म इंटर कॉलेज की पार्किंग में भेजा जाएगा।
- बेनिया तिराहे से रामापुरा जाने वाले वाहनों को बेनिया-पियरी रोड की तरफ मोड़ा जाएगा। छठ पूजा के वाहनों के लिए बेनिया पार्किंग निर्धारित की गई है।
- मैदागिन से गोदौलिया की ओर वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। वाहनों को हरिश्चंद्र पीजी कॉलेज के सामने और टाउनहॉल पार्किंग में खड़ा कराया जाएगा।
- गोदौलिया से दशाश्वमेध, राजेंद्र प्रसाद और शीतला घाट की तरफ वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।

अस्सी घाट जाने वालों को अपनाना होगा वैकल्पिक रास्ता

भेलूपुर और अस्सी क्षेत्र में भी यातायात व्यवस्था बदली गई है। सोनारपुरा तिराहे से गोदौलिया जाने वाले वाहनों को भेलूपुर की ओर डायवर्ट किया जाएगा। वहीं बैंक ऑफ बड़ौदा तिराहे से अस्सी चौराहे की तरफ वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। इस मार्ग से आने वाले वाहनों को रविंद्रपुरी की ओर भेजा जाएगा।

राजघाट और नमो घाट के लिए अलग पार्किंग

राजघाट और नमो घाट क्षेत्र में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने विशेष इंतजाम किए हैं।

- भदऊ चुंगी से भैंसासुर घाट की ओर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। सड़क किनारे पार्किंग भी नहीं की जा सकेगी।
- राजघाट पुल तिराहे से नमो घाट की ओर वाहन नहीं जा सकेंगे। छठ पूजा के वाहनों के लिए काशी स्टेशन पानी टंकी मैदान में पार्किंग बनाई गई है।
- सूजाबाद पुलिस चौकी से राजघाट जाने वाले वाहनों को पड़ाव से रामनगर की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

सामने घाट और रामनगर में बसों-ट्रैक्टरों के लिए खास इंतजाम

सामने घाट और रामनगर क्षेत्र में बड़े वाहनों की आवाजाही को व्यवस्थित करने के लिए अलग पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं।

- छठ पूजा में आने वाले ट्रैक्टर-ट्रॉली, मालवाहक वाहन और बसों को विश्वसुंदरी पुल के बगल से गंगा घाट की ओर भेजा जाएगा। इन वाहनों की पार्किंग विश्वसुंदरी पुल के नीचे मैदान में होगी।
- रामनगर की ओर से आने वाले भारी वाहन शास्त्री चौक से पुल के रास्ते सामने घाट नहीं जा सकेंगे। इन्हें पुल के बाईं ओर बने मार्ग से गंगा घाट की तरफ भेजा जाएगा।
- सामने घाट तिराहे से मुरारी चौक की ओर आने वाले वाहनों के लिए जज गेस्ट हाउस के सामने खाली मैदान, सुरेंद्र पटेल का खाली प्लॉट और सनबीम स्कूल के बगल स्थित कृष्णा वाटिका में पार्किंग निर्धारित की गई है।
- बिहार से आने वाली निजी बसें मुरारी चौक बस स्टैंड के बजाय स्वामी हरसेवानंद पब्लिक स्कूल के सामने खाली मैदान में खड़ी होंगी। यात्रियों को यहीं से पिकअप और ड्रॉप किया जाएगा।

बीएलडब्ल्यू और कचहरी मार्ग पर भी बदलेगा रूट

बीएलडब्ल्यू स्थित सूर्य सरोवर के आसपास वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। अंबेडकर चौराहे से शास्त्री घाट की ओर जाने वाले वाहनों को कचहरी और जेपी मेहता की तरफ मोड़ा जाएगा। छठ पूजा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए कचहरी के पीछे जेपी मेहता रोड पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

रात 11 से सुबह 2 बजे तक ही भारी वाहनों को छूट

छठ महापर्व के दौरान शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर भी नियंत्रण रहेगा। 15 और 16 नवंबर को रात 11 बजे से सुबह 2 बजे तक ही भारी वाहनों को छूट दी जाएगी। सुबह 2 बजे के बाद वाराणसी नगर क्षेत्र में भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

ट्रैफिक संबंधी परेशानी पर इन नंबरों पर करें संपर्क

यातायात पुलिस ने वाहन चालकों और छठ व्रतियों से अपील की है कि वे निर्धारित डायवर्जन और पार्किंग व्यवस्था का पालन करें। घर से निकलने से पहले अपने गंतव्य तक पहुंचने का वैकल्पिक मार्ग तय कर लें, ताकि जाम और अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके।

- ट्रैफिक कंट्रोल रूम: 7839856994
- ट्रैफिक हेल्पलाइन: 7317202020

छठ महापर्व पर काशी के घाटों पर श्रद्धा और आस्था का बड़ा जनसैलाब उमड़ने की उम्मीद है। ऐसे में यातायात पुलिस की व्यवस्था का उद्देश्य श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के साथ शहर की सड़कों पर जाम की स्थिति को नियंत्रित रखना है।
और नया पुराने