सबका सम्मान-जीवन आसान’ के संकल्प को साकार करने में जुटा जमुई प्रशासन, जन-सुनवाई में डीएम ने सुनीं समस्याएं

जमुई/बिहार। बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी योजना ‘सात निश्चय-3’ के मूल उद्देश्य ‘सबका सम्मान, जीवन आसान’ को धरातल पर उतारने की दिशा में जमुई जिला प्रशासन लगातार सक्रिय और संवेदनशील भूमिका निभा रहा है। इसी कड़ी में शुक्रवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में जिला पदाधिकारी नवीन (भा.प्र.से.) की अध्यक्षता में जनता दरबार सह जन-सुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन आमजनों की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं प्रशासनिक जवाबदेही का प्रभावी माध्यम बनकर सामने आया, जहां जिले के विभिन्न प्रखंडों और पंचायतों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं जिला पदाधिकारी के समक्ष रखीं।

जन-सुनवाई के दौरान जिला पदाधिकारी ने प्रत्येक फरियादी की समस्याओं को गंभीरता, संवेदनशीलता और धैर्यपूर्वक सुना। आयोजित कार्यक्रम में 17 से अधिक मामले सामने आए, जिनमें भूमि विवाद, पुलिस प्रशासन से जुड़ी शिकायतें, शिक्षा विभाग की समस्याएं, अनुमंडल लोक शिकायत निवारण से संबंधित मामले, लंबित वेतन भुगतान, विद्युत विभाग की अनियमितताएं सहित विभिन्न विभागों से जुड़े मुद्दे शामिल थे। जिला पदाधिकारी ने सभी आवेदनों का सूक्ष्मता से अवलोकन करते हुए संबंधित विभागीय पदाधिकारियों से दूरभाष पर संपर्क कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए तथा सभी मामलों का समयबद्ध एवं पारदर्शी निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

इस दौरान जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य केवल शिकायतें प्राप्त करना नहीं, बल्कि सरकार के विजन के अनुरूप समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित कर आम नागरिकों के जीवन को सरल और सम्मानजनक बनाना है। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक व्यवस्था तभी सार्थक मानी जाएगी, जब समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ सुगमता से पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा सभी शिकायतों का निष्पादन संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ किया जाए।

जनता दरबार में पहुंचे फरियादियों ने भी जिला पदाधिकारी की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनकर मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया जाना प्रशासन की सकारात्मक पहल को दर्शाता है। कई लोगों ने उम्मीद जताई कि इस तरह की जन-सुनवाई से आम नागरिकों का प्रशासन के प्रति विश्वास और मजबूत होगा।

जिला प्रशासन की यह पहल न केवल प्रशासनिक पारदर्शिता को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि सरकार की योजनाओं को जमीनी स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। जनता दरबार के दौरान समाहरणालय परिसर में आमजनों की काफी भीड़ देखी गई तथा लोगों में अपनी समस्याओं के समाधान को लेकर सकारात्मक उम्मीद नजर आई।
और नया पुराने