Chandauli: प्यार, साजिश और कत्ल! जमीन दिखाने के बहाने ले जाकर पति की गला रेतकर हत्या

चन्दौली/उत्तर प्रदेश। चन्दौली पुलिस ने महेवा नहर के पास मिले युवक के सनसनीखेज हत्याकांड का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार मृतक की पत्नी ने अपने प्रेमी और उसके साथी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची थी।

पुलिस के मुताबिक 25 जून को महेवा गौरी माइनर के पास पुलिया के नीचे एक अज्ञात व्यक्ति का गला रेतकर हत्या किया गया शव बरामद हुआ था। बाद में मृतक की पहचान राजेश कुमार निवासी महादेवपुर के रूप में हुई।

जांच के दौरान सामने आया कि मृतक की पत्नी उर्मिला देवी के कथित तौर पर राहुल शर्मा से प्रेम संबंध थे, जिसका राजेश कुमार विरोध करता था। पुलिस का आरोप है कि इसी वजह से तीनों ने मिलकर जमीन दिखाने के बहाने राजेश कुमार को घर से बुलाया, शराब पिलाई और महेवा नहर के पास ले जाकर धारदार चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को नहर में फेंक दिया गया।

पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बिहार भागने की फिराक में मौजूद राहुल शर्मा और उसके साथी विनोद पाल को गिरफ्तार कर लिया। वहीं मृतक की पत्नी उर्मिला देवी को भी उसके घर से गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त रक्तरंजित चाकू, घटना के समय पहने गए खून से सने कपड़े, घटना में प्रयुक्त सुपर स्प्लेंडर बाइक, दो मोबाइल फोन तथा नकदी बरामद होने की बात पुलिस ने कही है।

फिलहाल पुलिस तीनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है। मामले की जांच जारी है।
और नया पुराने