वाराणसी में 5 लाख की लूट का सनसनीखेज खुलासा! मुठभेड़ के बाद मास्टरमाइंड समेत 8 बदमाश गिरफ्तार

वाराणसी/उत्तर प्रदेश। चेतगंज थाना क्षेत्र में सर्राफा व्यापारी से हुई 5 लाख रुपये की हाई-प्रोफाइल लूटकांड का वाराणसी पुलिस ने सफलतापूर्वक पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में लूट की साजिश रचने वाले मास्टरमाइंड समेत कुल आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान मुख्य आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की, जिसके जवाब में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को तत्काल उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए पूरे 5 लाख रुपये नकद, वारदात में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट कार, बुलेट मोटरसाइकिल तथा एक अवैध पिस्टल बरामद कर ली है। इस कार्रवाई को वाराणसी पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।

27 जून को दिनदहाड़े हुई थी लूट की वारदात

एडीसीपी काशी वैभव बांगर ने बताया कि 27 जून को एक सर्राफा व्यापारी अपने मित्र के साथ स्कूटी से नदेसर से अपने घर लौट रहे थे। व्यापारी अपने पास एक कपड़े के झोले में प्लॉट की रजिस्ट्री के लिए उधार लिए गए 5 लाख रुपये लेकर जा रहे थे। जैसे ही वे बाटी-चोखा रेस्टोरेंट के पास पहुंचे, पहले से घात लगाए बदमाशों ने झपट्टा मारकर रुपयों से भरा झोला छीन लिया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद चेतगंज थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

सीसीटीवी और सर्विलांस से पुलिस को मिला अहम सुराग

घटना की गंभीरता को देखते हुए चेतगंज और रामनगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा सर्विलांस की मदद से आरोपियों की गतिविधियों का पता लगाया। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने रामनगर के लंका मैदान और बंदरगाह रोड क्षेत्र में दबिश देकर सभी आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पहले से थी व्यापारी की रेकी, पूरी योजना बनाकर की गई लूट

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि उन्हें पहले से जानकारी थी कि सर्राफा व्यापारी बड़ी रकम लेकर आने-जाने वाला है। इसी सूचना के आधार पर उन्होंने व्यापारी की रेकी की और सुनियोजित तरीके से लूट की पूरी साजिश रची। सही समय का इंतजार कर बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया और रकम लेकर फरार हो गए।

मुठभेड़ के दौरान पुलिस पर की फायरिंग

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के दौरान मुख्य आरोपी ने बचने के लिए पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद उसे गिरफ्तार कर ट्रॉमा सेंटर भेजा गया। अन्य आरोपियों को भी मौके से दबोच लिया गया।

गिरफ्तार किए गए आरोपी

पुलिस ने इस मामले में आकाश सेठ, आशीष मौर्या, सिपाही उर्फ विजय यादव, आकाश यादव, प्रद्युम्न यादव, गोविंद मौर्या, अमित कुमार और जावेद अख्तर को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पूरी रकम बरामद होने पर पुलिस टीम को मिला पुरस्कार

इस चर्चित लूटकांड में शत-प्रतिशत रिकवरी और आरोपियों की त्वरित गिरफ्तारी से संतुष्ट होकर डीसीपी काशी गौरव बंसवाल ने उत्कृष्ट कार्य करने वाली पुलिस टीम को 25 हजार रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि अपराधियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
और नया पुराने