वाराणसी/उत्तर प्रदेश। सोमवार सुबह हुई तेज बारिश ने एक बार फिर शहर की जल निकासी व्यवस्था की परीक्षा ले ली। कई इलाकों में कुछ समय के लिए जलभराव की स्थिति बनने लगी, लेकिन इस बार नगर निगम ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए राहत अभियान शुरू कर दिया। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल स्वयं पूरे अभियान की कमान संभालते हुए इंजीनियरिंग, स्वास्थ्य और जलकल विभाग के अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय बनाकर विभिन्न क्षेत्रों की स्थिति पर नजर रखते रहे। अधिकारियों को मौके पर भेजकर जल निकासी कार्य की लगातार मॉनिटरिंग की गई, जिससे बारिश के बीच ही राहत कार्य तेजी से शुरू हो गया।
नगर निगम की टीमें बारिश के दौरान ही सड़कों पर उतर गईं और शहर के विभिन्न हिस्सों में बंद पड़े गलीपिटों, सीवर चैंबरों तथा नालियों की सफाई का अभियान चलाया। सफाई कर्मियों ने जमा कूड़ा-कचरा हटाकर पानी के बहाव को सुचारु बनाया, जिससे जलभराव की समस्या अधिक देर तक नहीं टिक सकी।
कई इलाकों में चला राहत अभियान, आधे घंटे में निकला बारिश का पानी
नगर निगम के अनुसार, सारनाथ म्यूजियम रोड, दानियालपुर ईदगाह रोड, सिगरा, काशी विद्यापीठ रोड, सरस्वती नगर, विकास भवन, फातमान रोड सहित कई संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष टीमें भेजी गईं। यहां गलीपिट और सीवर चैंबर खोलकर पानी की निकासी सुनिश्चित की गई। निगम का दावा है कि अधिकांश स्थानों पर करीब 30 मिनट के भीतर बारिश का पानी पूरी तरह निकल गया, जिससे राहगीरों, दुकानदारों और स्थानीय निवासियों को बड़ी राहत मिली तथा यातायात भी सामान्य हो गया।
अंधरापुल रहा जलभराव से मुक्त, निचले इलाकों में लगाए गए पंप
हर वर्ष जलभराव के कारण चर्चा में रहने वाला अंधरापुल इस बार पानी से लगभग मुक्त रहा। नगर निगम ने एहतियात के तौर पर वहां पहले से ही पंप की व्यवस्था कर रखी थी, जिससे स्थिति नियंत्रण में बनी रही।
वहीं सिंधुरिया कॉलोनी (महेशपुर) सहित अन्य निचले इलाकों में पानी जमा होने की सूचना मिलते ही तत्काल पंपिंग मशीनें लगाकर जल निकासी शुरू कर दी गई। इसके अलावा फुलवरिया, कोटवा और नई बस्ती जैसे क्षेत्रों में युद्धस्तर पर नालों की सफाई कर पानी के बहाव को सुचारु बनाया गया।
स्थायी समाधान की दिशा में बड़ा कदम, सिगरा और गांधी नगर में बनेंगी नई नालियां
बार-बार होने वाली जलभराव की समस्या को स्थायी रूप से समाप्त करने के उद्देश्य से नगर निगम ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। निगम प्रशासन ने सिगरा बिग बाजार और गांधी नगर (सिगरा) क्षेत्र में नई नालियों के निर्माण की योजना तैयार की है। अधिकारियों का मानना है कि नई जल निकासी व्यवस्था बनने के बाद इन इलाकों में मानसून के दौरान पानी जमा होने की समस्या में काफी कमी आएगी।
नगर आयुक्त बोले— नियमित सफाई रहेगी प्राथमिकता
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि तेज बारिश के कारण कुछ स्थानों पर अस्थायी जलभराव की स्थिति बनी थी, लेकिन नगर निगम की त्वरित कार्रवाई और मानसून से पहले कराई गई व्यापक सफाई व्यवस्था के कारण बहुत कम समय में पानी की निकासी सुनिश्चित कर दी गई। उन्होंने कहा कि शहरवासियों को बारिश के दौरान अधिक परेशानी न हो, इसके लिए सीवर लाइनों, गलीपिटों और बड़े नालों की नियमित सफाई लगातार जारी रहेगी। साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों की विशेष निगरानी की जाएगी ताकि भविष्य में भी किसी प्रकार की जलभराव की स्थिति उत्पन्न न होने पाए।
Tags:
Uttar Pradesh



