संभल नगर पालिका बोर्ड बैठक में जमकर हंगामा, पानी की समस्या उठाते ही भड़कीं वार्ड-5 की सभासद

संभल (उत्तर प्रदेश): संभल नगर पालिका परिषद की बोर्ड बैठक उस समय हंगामे की भेंट चढ़ गई, जब वार्ड संख्या-5 की महिला सभासद कोमल ने अपने क्षेत्र में पेयजल संकट का मुद्दा जोरदार तरीके से उठाया। अपनी बात रख रही सभासद को बीच में टोकने पर माहौल अचानक गरमा गया और देखते ही देखते बैठक में मौजूद अन्य सभासद भी बहस में शामिल हो गए। विवाद इतना बढ़ गया कि बैठक में शोर-शराबा और हंगामे की स्थिति बन गई।

बताया जा रहा है कि वार्ड-5 की सभासद कोमल अपने क्षेत्र में लंबे समय से बनी पेयजल समस्या और लोगों को हो रही परेशानियों को लेकर अधिकारियों का ध्यान आकर्षित कर रही थीं। इसी दौरान किसी अन्य सदस्य द्वारा बीच में टोके जाने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई। इसके बाद कई सभासद आमने-सामने आ गए और बैठक का माहौल पूरी तरह से तनावपूर्ण हो गया।

स्थिति बिगड़ती देख पालिकाध्यक्ष और नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी (ईओ) को बीच-बचाव के लिए हस्तक्षेप करना पड़ा। दोनों अधिकारियों ने सभासदों को शांत कराने और बैठक को सामान्य ढंग से संचालित करने का प्रयास किया, लेकिन काफी देर तक हंगामा जारी रहा।

गौरतलब है कि बोर्ड बैठक विभिन्न विकास कार्यों और नगर पालिका से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा एवं निर्णय लेने के लिए बुलाई गई थी। हालांकि, विवाद और हंगामे के कारण बैठक का मूल उद्देश्य ही पीछे छूट गया। बताया जा रहा है कि जिस एजेंडे पर चर्चा के लिए बैठक आयोजित की गई थी, उस पर दो मिनट तक भी गंभीर चर्चा नहीं हो सकी और पूरा समय आरोप-प्रत्यारोप तथा शोर-शराबे में निकल गया।

बैठक में हुए इस घटनाक्रम ने नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जनसमस्याओं के समाधान के लिए बुलाई जाने वाली बैठकों में यदि इसी तरह हंगामा होता रहा, तो विकास कार्यों और नागरिक सुविधाओं से जुड़े अहम फैसले प्रभावित होते रहेंगे। फिलहाल इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिस पर लोग अपनी-अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
और नया पुराने