Lनई दिल्ली। देश की पहली हाई-स्पीड रेल परियोजना मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन का निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि परियोजना का पहला परिचालन खंड सूरत से बिलीमोरा के बीच अगले वर्ष शुरू करने की तैयारी है। इसके बाद पूरे हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर को चरणबद्ध तरीके से आम जनता के लिए खोला जाएगा।
चरणबद्ध तरीके से शुरू होगा पूरा कॉरिडोर
रेल मंत्री के अनुसार, बुलेट ट्रेन परियोजना का संचालन विभिन्न चरणों में शुरू किया जाएगा। सबसे पहले सूरत–बिलीमोरा सेक्शन चालू होगा। इसके बाद वापी–सूरत, फिर वापी–अहमदाबाद, उसके बाद अहमदाबाद–ठाणे और अंत में अहमदाबाद–मुंबई सेक्शन को पूरा कर पूरे कॉरिडोर पर बुलेट ट्रेन का संचालन शुरू किया जाएगा।
हाई-स्पीड रेल नेटवर्क से बदल जाएगी यात्रा की तस्वीर
अश्विनी वैष्णव ने भविष्य की हाई-स्पीड रेल परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनके विकसित होने के बाद देश के प्रमुख शहरों के बीच यात्रा का समय काफी कम हो जाएगा। प्रस्तावित नेटवर्क के तहत पुणे से हैदराबाद की यात्रा लगभग 2 घंटे, हैदराबाद से मुंबई करीब 2 घंटे 50 मिनट, हैदराबाद से अमरावती लगभग 1 घंटा 10 मिनट, हैदराबाद से चेन्नई करीब 3 घंटे तथा हैदराबाद से बेंगलुरु लगभग 2 घंटे 35 मिनट में पूरी की जा सकेगी।
आधुनिक रेल नेटवर्क की दिशा में बड़ा कदम
केंद्रीय रेल मंत्री ने कहा कि हाई-स्पीड रेल परियोजनाएं भारत के परिवहन क्षेत्र में नई क्रांति लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। इन परियोजनाओं के पूरा होने से यात्रियों को तेज, सुरक्षित और आधुनिक यात्रा सुविधा मिलेगी, साथ ही देश के आर्थिक और औद्योगिक विकास को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।
Tags:
National



