वाराणसी/उत्तर प्रदेश। पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी की सिंधोरा थाना पुलिस ने आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के 24 घंटे के भीतर दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी ऑपरेशन चक्रव्यूह अभियान के तहत की गई।
पुलिस के अनुसार, 14 जुलाई 2026 को पीड़िता की मां ने थाना सिंधोरा में तहरीर देकर आरोप लगाया कि कुलदीप कुमार उनकी बेटी को काम दिलाने के बहाने महाराष्ट्र के भुसावल ले गया, जहां उसने विवाह का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। शिकायत के अनुसार, युवती के गर्भवती होने के बाद जब उसने विवाह की बात की तो कुलदीप कुमार और उसके पिता शैलेन्द्र कुमार उर्फ मुनीब ने शादी से इनकार कर दिया और कथित रूप से धमकी भी दी।
परिजनों का आरोप है कि इन घटनाओं से मानसिक रूप से आहत होकर युवती ने विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया। उसे उपचार के लिए पंडित दीनदयाल उपाध्याय चिकित्सालय ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मामले में दर्ज मुकदमा मु0अ0सं0 136/2026 के तहत धारा 108 एवं 352 बीएनएस में पंजीकृत किया गया। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर हथिवार मोड़ के पास से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
Tags:
Uttar Pradesh




