भारतीय सेना में 350 पदों पर भर्ती, अविवाहित पुरुषों के लिए सुनहरा मौका, 7 अगस्त तक करें आवेदन

देसी खबर | नई दिल्ली : देश की सेवा का सपना देखने वाले युवाओं के लिए भारतीय सेना ने शानदार अवसर दिया है। भारतीय सेना ने 68वें शॉर्ट सर्विस कमीशन (SSC Tech) के तहत 350 पदों पर अविवाहित पुरुष इंजीनियरिंग स्नातकों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। चयनित अभ्यर्थियों का प्रशिक्षण अप्रैल 2027 से प्री-कमीशनिंग ट्रेनिंग अकादमी (PCTA) में शुरू होगा।

इन इंजीनियरिंग शाखाओं में निकली भर्ती

कुल 350 रिक्तियों में सिविल-75, कंप्यूटर साइंस-60, इलेक्ट्रिकल-33, इलेक्ट्रॉनिक्स-64, मैकेनिकल-101 तथा अन्य इंजीनियरिंग शाखाओं के 17 पद शामिल हैं।

7 अगस्त अंतिम तिथि, ऐसे करें आवेदन

ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 9 जुलाई से शुरू हो चुकी है। इच्छुक अभ्यर्थी 7 अगस्त तक भारतीय सेना की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। अंतिम समय की तकनीकी परेशानी से बचने के लिए समय रहते आवेदन करने की सलाह दी गई है।

योग्यता और आयु सीमा

आवेदक के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से संबंधित शाखा में इंजीनियरिंग की डिग्री होना अनिवार्य है। आयु 20 से 27 वर्ष निर्धारित की गई है, जिसकी गणना 1 अप्रैल 2027 के आधार पर होगी। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को नियमानुसार आयु सीमा में छूट मिलेगी।

चयन प्रक्रिया और वेतन

चयन शॉर्टलिस्टिंग, एसएसबी इंटरव्यू, मेडिकल परीक्षण और मेरिट के आधार पर होगा। प्रशिक्षण 49 सप्ताह का होगा, जिसके दौरान ₹56,100 प्रतिमाह स्टाइपेंड मिलेगा। प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद अभ्यर्थियों को लेफ्टिनेंट के पद पर नियुक्त किया जाएगा। शुरुआती वार्षिक सीटीसी लगभग ₹17 से ₹18 लाख तक होगी। इसके साथ ही सेना के अन्य भत्ते और सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी।
और नया पुराने