रक्षाबंधन पर भाइयों तक समय पर पहुंचेगी राखी, दिल्ली के 34 डाकघरों में बने विशेष काउंटर

देसी खबर | नई दिल्ली : रक्षाबंधन के पर्व को देखते हुए डाक विभाग ने दिल्ली में विशेष तैयारियां की हैं। दिल्ली सर्किल के तहत 34 प्रमुख डाकघरों के अलावा दिल्ली रेलवे स्टेशन और नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर विशेष राखी काउंटर स्थापित किए गए हैं, ताकि राखियों और अन्य जरूरी पार्सलों की समय पर डिलीवरी सुनिश्चित की जा सके।

22 अगस्त तक करें बुकिंग

डाक विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे अपनी राखियां और महत्वपूर्ण पार्सल समय रहते भेजें। विभाग ने बताया कि 22 अगस्त 2026 तक राखी मेल की बुकिंग और प्रेषण के लिए विशेष व्यवस्था की गई है, जिससे देशभर में राखियां समय पर पहुंच सकें।

24 और 48 स्पीड पोस्ट सेवा उपलब्ध

विभाग ने सुरक्षित और तेज डिलीवरी के लिए 24 स्पीड पोस्ट और 48 स्पीड पोस्ट सेवाओं का उपयोग करने की सलाह दी है। निर्धारित समय सीमा में डिलीवरी नहीं होने पर ग्राहकों को 'मनी बैक गारंटी' का लाभ भी मिलेगा। 24 स्पीड पोस्ट सेवा 35 चयनित बुकिंग केंद्रों से संचालित की जा रही है, जिसके माध्यम से दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, चेन्नई, बेंगलुरु और हैदराबाद जैसे छह प्रमुख महानगरों में त्वरित डिलीवरी की सुविधा उपलब्ध है।

इन डाकघरों में बनाए गए विशेष काउंटर

राखी के लिए विशेष काउंटर अशोक विहार एचपीओ, नई दिल्ली जीपीओ, दिल्ली जीपीओ, सिविल लाइंस, चाणक्यपुरी, नारायणा इंडस्ट्रियल एस्टेट एचपीओ, पटेल नगर, करोल बाग, संसद मार्ग, जनकपुरी, आर.के. पुरम, हौज खास, पश्चिम विहार, रोहिणी सेक्टर-7, कृष्णा नगर समेत कुल 34 प्रमुख डाकघरों में स्थापित किए गए हैं।

डाक विभाग का कहना है कि त्योहारी सीजन में यह पहल ग्राहकों को तेज, सुरक्षित और भरोसेमंद डिलीवरी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की गई है, ताकि भाई-बहनों का स्नेह समय पर अपने गंतव्य तक पहुंच सके।
और नया पुराने