लापरवाही, विवेचना में ढिलाई और जमीनी विवाद में कथित हस्तक्षेप के मामलों में कार्रवाई, सभी प्रकरणों की विभागीय जांच शुरू
भदोही | 24 अगस्त 2026
भदोही में पुलिसकर्मियों की कार्यशैली को लेकर पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने सख्त रुख अपनाया है। अलग-अलग मामलों में सामने आई शिकायतों और प्रारंभिक जांच के आधार पर पांच पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। सभी मामलों में विभागीय जांच भी शुरू कराई गई है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, कार्रवाई के पीछे ड्यूटी में लापरवाही, विवेचना में शिथिलता, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों का पालन नहीं करना और पद के कथित दुरुपयोग जैसे आरोप हैं। SP ने स्पष्ट किया है कि पुलिस की कार्यप्रणाली में लापरवाही या अनुशासनहीनता को किसी भी सूरत में नजरअंदाज नहीं किया जाएगा।
ज्ञानपुर के दरोगा पर महिला संबंधी शिकायत में लापरवाही का आरोप
उपनिरीक्षक श्याम नारायण यादव, थाना ज्ञानपुर पर महिला संबंधी शिकायत के मामले में समय से वैधानिक कार्रवाई नहीं करने और प्रकरण का अपेक्षित समयसीमा में निस्तारण नहीं करने का आरोप है। प्रारंभिक जांच में प्रथम दृष्टया लापरवाही मिलने पर उन्हें निलंबित किया गया।
औराई में लंबित विवेचनाओं को लेकर कार्रवाई
उपनिरीक्षक विष्णुकान्त मिश्रा, थाना औराई के खिलाफ लंबित विवेचनाओं के निस्तारण में उच्चाधिकारियों के निर्देशों का अपेक्षित अनुपालन नहीं करने का मामला सामने आया। जांच में विवेचना के स्तर पर शिथिलता पाए जाने के बाद निलंबन की कार्रवाई की गई।
अपहृता की बरामदगी में देरी पर दरोगा निलंबित
उपनिरीक्षक महेन्द्र राम, थाना चौरी पर एक मुकदमे में अपहृता की बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रभावी कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगा। जांच में प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने पर उन्हें भी निलंबित कर दिया गया।
जमीनी विवाद में हस्तक्षेप के आरोप में दो पुलिसकर्मी कार्रवाई की जद में
थाना ऊंज से जुड़े एक जमीनी विवाद के मामले में सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो के आधार पर जांच शुरू हुई थी। प्रारंभिक जांच में कथित तौर पर अवैध हस्तक्षेप की बात सामने आने पर मुख्य आरक्षी नगेन्द्र कुमार गौतम को निलंबित किया गया।
इसी मामले में कथित संलिप्तता पाए जाने पर आरक्षी सुनील कुमार के खिलाफ भी तत्काल प्रभाव से निलंबन की कार्रवाई की गई।
SP का दो टूक संदेश
SP अभिनव त्यागी ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को जनशिकायतों के निष्पक्ष एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए हैं। साथ ही विवेचनाओं में पारदर्शिता और कानून के मुताबिक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है।
उन्होंने साफ किया कि पुलिस की छवि, विभागीय अनुशासन और जनता के भरोसे से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। लापरवाही, भ्रष्ट आचरण या पद के दुरुपयोग की शिकायतों पर जांच के बाद आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Tags:
Uttar Pradesh



