वाणिज्य संकाय के ओरिएंटेशन में करियर, रिसर्च और स्किल डेवलपमेंट पर फोकस; छात्रों को बताई कैंपस सुविधाएं
वाराणसी | 24 अगस्त 2026
काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) में नए स्नातकोत्तर विद्यार्थियों की शैक्षणिक यात्रा की शुरुआत ‘दीक्षारंभ’ कार्यक्रम के साथ हुई। वाणिज्य संकाय की ओर से आयोजित ओरिएंटेशन कार्यक्रम में MBA और M.Com. के 150 से अधिक विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य नए छात्रों को विश्वविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था से परिचित कराने के साथ उन्हें शोध, करियर, कौशल विकास और व्यक्तित्व निर्माण के लिए तैयार करना रहा।
मालवीय जी के विचारों से छात्रों को जोड़ा
कार्यक्रम में BHU की शैक्षणिक परंपरा और महामना मदन मोहन मालवीय के विचारों पर चर्चा की गई। वक्ताओं ने छात्रों से शिक्षा को केवल परीक्षा और डिग्री तक सीमित न रखने की अपील की।
छात्रों को चरित्र निर्माण, उद्यमिता, निरंतर सीखने और सामाजिक जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही सकारात्मक सोच और अनुशासन को विद्यार्थी जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया गया।
‘A.S.K.’ और ‘A.C.T.’ का दिया मंत्र
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं जेपी विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. हरिकेश सिंह ने छात्रों को समय प्रबंधन और निरंतर आत्म-विकास का महत्व समझाया।
उन्होंने विद्यार्थियों को अपने Attitude, Skills और Knowledge (A.S.K.) को लगातार बेहतर बनाने की सलाह दी। इसके साथ ही Acceptance, Commitment और Theory (A.C.T.) की अवधारणा को अपनाने पर जोर दिया।
प्रो. सिंह ने कहा कि जीवन में बेहतर संतुलन और सफलता के लिए IQ, EQ और SQ तीनों के बीच सामंजस्य जरूरी है।
पढ़ाई के साथ रिसर्च में भी आगे बढ़ने की सलाह
मुख्य वक्ता एवं अधिष्ठाता, छात्र कल्याण प्रो. रंजन कुमार सिंह ने विद्यार्थियों को BHU के चार प्रमुख आधार—शिक्षा, अनुसंधान, विस्तार और प्रशासन—के बारे में जानकारी दी।
उन्होंने शोध और प्रकाशन के अवसरों पर प्रकाश डालते हुए छात्रों को अकादमिक गतिविधियों में सक्रिय रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा के दौरान रिसर्च विद्यार्थियों के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
वाणिज्य संकाय प्रमुख एवं विभागाध्यक्ष प्रो. एच.के. सिंह ने अतिथियों और नए विद्यार्थियों का स्वागत किया। कार्यक्रम में डॉ. राजेश कुमार सिंह, प्रो. विक्रम सिंह और प्रो. निशत अफ़रोज़ समेत कई शिक्षक उपस्थित रहे।
पुस्तकालय से लेकर प्लेसमेंट तक, छात्रों को मिली जानकारी
ओरिएंटेशन के दौरान नए विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं और छात्र सहायता प्रणालियों की जानकारी दी गई। छात्रों को केंद्रीय एवं संकाय पुस्तकालय, छात्रावास, स्वास्थ्य सेवाएं, वाई-फाई, खेल सुविधाएं, NSS और NCC के बारे में बताया गया।
इसके अलावा सांस्कृतिक एवं रंगमंच गतिविधियों, प्लेसमेंट, इंटर्नशिप, कौशल विकास कार्यक्रम, एंटी-रैगिंग और शिकायत निवारण व्यवस्था की भी जानकारी दी गई।
Tags:
Uttar Pradesh



