लापता बेटी की तलाश में दिल्ली पुलिस पहुंची बीहड़, आरोपी पिता से पूछताछ जारी
आगरा/उत्तर प्रदेश। आगरा जिले के बासौनी थाना क्षेत्र में एक युवती की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि युवती को दिल्ली से दवा दिलाने के बहाने आगरा लाया गया और चंबल नदी में डुबोकर उसकी हत्या कर दी गई। मामले की जांच के लिए दिल्ली पुलिस आरोपी पिता को साथ लेकर घटनास्थल पर पहुंची।
चंबल नदी से शव की तलाश जारी
दिल्ली पुलिस और बासौनी पुलिस की संयुक्त टीम चंबल नदी में युवती के शव की तलाश में जुटी है। नदी से शव बरामद करने के लिए स्थानीय प्रशासन की मदद से सर्च अभियान चलाया जा रहा है।
दिल्ली में दर्ज थी गुमशुदगी
जानकारी के अनुसार, युवती के लापता होने के बाद दिल्ली में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस बासौनी क्षेत्र पहुंची, जहां आरोपी पिता से पूछताछ के बाद चंबल नदी में युवती को डुबोने की आशंका सामने आई।
गर्भवती होने की भी आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवती के गर्भवती होने की भी आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। शव बरामद होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
संयुक्त जांच में जुटी पुलिस
दिल्ली पुलिस और आगरा की बासौनी थाना पुलिस पूरे मामले की संयुक्त जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। शव मिलने और जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Tags:
Uttar Pradesh



