जमुई/बिहार : बिहार राज्य धार्मिक न्यास पर्षद, पटना से निबंधित बाबा कोकिलचंद धाम मंदिर न्यास, गंगरा (जमुई) ने वर्ष 2025 तक की अद्यतन प्रशासनिक एवं वित्तीय रिपोर्ट पर्षद को सौंप दी। न्यास के सचिव चुन चुन कुमार ने बुधवार को पटना स्थित पर्षद कार्यालय में आवश्यक दस्तावेजों के साथ प्रतिवेदन जमा किया।
रिपोर्ट में ऑडिट रिपोर्ट, आय-व्यय का विस्तृत विवरण, मंदिर की समस्याएं एवं चुनौतियां, अब तक कराए गए कार्यों की उपलब्धि रिपोर्ट, विभिन्न कार्यक्रमों के छायाचित्र, समाचार पत्रों की कटिंग तथा अन्य आवश्यक अभिलेख शामिल थे। इसके साथ ही 5,600 रुपये पर्षद शुल्क भी जमा किया गया।
न्यास की ओर से समिति विस्तार के लिए भी आवेदन प्रस्तुत किया गया। इस पर पर्षद ने स्पष्ट किया कि नई समिति के गठन तक मंदिर का संचालन वर्तमान समिति की देखरेख में ही जारी रहेगा।
पर्षद अधिकारियों ने न्यास द्वारा प्रस्तुत ऑडिट रिपोर्ट, चंदा संग्रह पंजी, बैठक प्रस्ताव पंजी, कार्य उपलब्धि विवरण एवं अन्य अभिलेखों का अवलोकन कर संतोष व्यक्त किया तथा पारदर्शी कार्यप्रणाली के लिए न्यास की सराहना की।
Tags:
Bihar




