Jamui: हथियारों की बड़ी खेप बरामद, चार गिरफ्तार; 1 देशी मास्केट, 3 कट्टा और 23 कारतूस जब्त

जमुई/बिहार। जमुई थाना पुलिस ने डीआईयू और एसटीएफ के सहयोग से अवैध हथियारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे और निशानदेही पर एक देशी मास्केट, तीन देशी कट्टा और कुल 23 कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार हथियारों का इस्तेमाल किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी में किया जा रहा था।

पुलिस के मुताबिक 18 अगस्त 2026 को विश्वसनीय सूत्रों एवं एसटीएफ से सूचना मिली कि अम्बा गांव निवासी राजा बाबू उर्फ राजा कुमार अवैध हथियार और गोली की खेप मंगाकर किसी बड़ी घटना को अंजाम दे सकता है। सूचना के आधार पर जमुई थाना, डीआईयू और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर राजा कुमार को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में राजा कुमार ने हथियार एवं कारतूस विक्रमपुर सिमरिया निवासी सुमन कुमार के पास रखने की बात बताई। इसके बाद पुलिस ने सुमन कुमार को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान सुमन ने बताया कि एक देशी मास्केट और 15 कारतूस बंदन कुमार तथा तीन देशी कट्टा और आठ कारतूस बजरंगी कुमार उर्फ छोटू के पास रखे गए हैं।

पुलिस ने दोनों के ठिकानों पर बारी-बारी से छापेमारी कर बंदन कुमार के घर से एक देशी मास्केट और 15 कारतूस तथा बजरंगी कुमार के घर से तीन देशी कट्टा और आठ कारतूस बरामद किए।

गिरफ्तार आरोपितों में राजा बाबू उर्फ राजा कुमार उर्फ प्रदीप, सुमन कुमार, बंदन कुमार और बजरंगी कुमार उर्फ छोटू शामिल हैं। पुलिस के अनुसार राजा बाबू का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ जमुई थाना में हत्या, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न मामलों में छह कांड दर्ज हैं।

छापेमारी दल में जमुई थाना के पुलिस पदाधिकारियों के साथ डीआईयू और एसटीएफ की टीम शामिल थी। पुलिस ने सभी आरोपितों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
और नया पुराने