जमुई/बिहार। मुख्यमंत्री खेल विकास योजना के तहत निर्मित खेल भवन-सह-व्यायामशाला के संचालन को लेकर गुरुवार को खेल विभाग के सचिव की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में जमुई के जिला पदाधिकारी द्वारा खेल भवन के संचालन के लिए जेएम फाइनेंशियल फाउंडेशन को जिम्मेदारी सौंपने संबंधी प्रस्ताव पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में जिला पदाधिकारी ने फाउंडेशन द्वारा जमुई जिले में विभिन्न क्षेत्रों में संचालित सामाजिक एवं विकासात्मक कार्यों की विस्तृत जानकारी खेल विभाग के सचिव को दी। फाउंडेशन के कार्यों से संतुष्ट होकर सचिव ने खेल भवन-सह-व्यायामशाला के संचालन के लिए एक सप्ताह के भीतर विस्तृत नियमावली का प्रस्ताव तैयार कर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री खेल विकास योजना के तहत जिले में खेल भवन-सह-व्यायामशाला का निर्माण ओलंपिक, एशियन, राष्ट्रमंडल, खेलो इंडिया तथा राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए खिलाड़ियों को तैयार करने के उद्देश्य से किया गया है। यहां खिलाड़ियों को इंडोर खेलों का प्रशिक्षण, मल्टी जिम, वेटलिफ्टिंग सहित आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराई जानी हैं।
बैठक में जेएम फाइनेंशियल फाउंडेशन के पदाधिकारियों के साथ जिला खेल पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। इससे खेल भवन के शीघ्र संचालन का मार्ग प्रशस्त होने की उम्मीद जताई जा रही है।
Tags:
Bihar




