जमुई/बिहार। आगामी 12 सितंबर 2026 को व्यवहार न्यायालय, जमुई में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर गुरुवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वावधान में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष संदीप सिंह ने की। बैठक में जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव मंजू श्री कुमारी ने सहयोग किया।
बैठक में वन, पंचायती राज, परिवहन, खनन, विद्युत, दूरसंचार, मापतोल विभाग, अनुमंडल पदाधिकारी के प्रतिनिधि तथा सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के अधिकारियों ने भाग लिया।
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने सभी विभागों को लोक अदालत में निस्तारण योग्य वादों की सूची शीघ्र तैयार करने तथा संबंधित पक्षकारों को समय पर नोटिस भेजने का निर्देश दिया। साथ ही प्रत्येक विभागीय कार्यालय में राष्ट्रीय लोक अदालत संबंधी सूचना बोर्ड लगाने को कहा। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग को फ्लेक्स, होर्डिंग, प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने विभागों से अधिक से अधिक सुलहनीय वादों के निष्पादन के लिए सकारात्मक और लचीला दृष्टिकोण अपनाने को कहा तथा बताया कि अगले सप्ताह तैयारियों की पुनः समीक्षा की जाएगी।
Tags:
Bihar




