नोएडा STF ने अनूपशहर में की गिरफ्तारी, 2025 की लूट के केस में लंबे समय से पुलिस को थी तलाश
बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश STF की नोएडा फील्ड यूनिट ने अपराध के कई मामलों में वांछित चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी अंकुर उर्फ प्रवीण को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी अनूपशहर थाना क्षेत्र में वर्ष 2025 में दर्ज लूट के एक मुकदमे में फरार था। STF के मुताबिक, वह गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था।
अलीगढ़ रोड से पकड़ा गया आरोपी
STF की टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए 7 सितंबर की रात करीब 9:40 बजे अंकुर को अलीगढ़ रोड स्थित कोर्ट तिराहा से गिरफ्तार किया। यह स्थान थाना अनूपशहर क्षेत्र में आता है।
पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर STF ने बताया कि आरोपी वर्ष 2025 में पीयूष नाम के व्यक्ति के संपर्क में आया था। इसके बाद उसकी मुलाकात बुलंदशहर के रिंकू यादव और अलीगढ़ के राजा यादव से हुई।
इनकम टैक्स कर्मचारी बनकर लूट का आरोप
STF के अनुसार, आरोपियों ने कथित तौर पर घर में लूट की योजना तैयार की। आरोप है कि तमंचे के बल पर नकदी और जेवरात लूटने के बाद अंकुर और राजा यादव ने अन्य साथियों के साथ अनूपशहर में एक और वारदात की योजना बनाई।
19 दिसंबर 2025 को आरोपी कथित रूप से इनकम टैक्स विभाग के कर्मचारी बनकर एक घर में दाखिल हुए। STF के मुताबिक, यहां से लाखों रुपये की नकदी और जेवरात लेकर आरोपी फरार हो गए।
इस मामले में अनूपशहर थाने में मुकदमा संख्या 484/2025 दर्ज किया गया था। मामले में शामिल अन्य आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी थी, लेकिन अंकुर गिरफ्तारी से बचता रहा। बाद में उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया।
कई जिलों में दर्ज हैं आपराधिक मामले
STF के मुताबिक, अंकुर के खिलाफ इटावा, नोएडा, कानपुर नगर और बुलंदशहर में कई मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ लूट, अपहरण, हत्या, मारपीट, फायरिंग और आर्म्स एक्ट जैसी धाराओं में मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
प्रेस नोट के अनुसार, वर्ष 2018 में भी आरोपी का नाम आठ वर्षीय बच्चे के अपहरण और हत्या के मामले में सामने आया था। आरोप है कि बच्चे के परिवार से फिरौती मांगी गई और बाद में बच्चे की हत्या कर शव नहर में फेंक दिया गया। इस मामले में आरोपी करीब चार साल जेल में रहा था।
वर्ष 2023 में झगड़े और फायरिंग के एक मामले तथा बाद में नोएडा में आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज केस में भी आरोपी की संलिप्तता का STF ने उल्लेख किया है।
स्थानीय पुलिस कर रही आगे की कार्रवाई
STF ने आरोपी को अनूपशहर थाने में दर्ज लूट के मुकदमे में दाखिल कर दिया है। पुलिस अब आरोपी से जुड़े अन्य मामलों और उसकी आपराधिक गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है। आगे की कानूनी कार्रवाई स्थानीय पुलिस द्वारा की जा रही है।
बुलंदशहर | 9 सितंबर 2026



