UP में बारिश का अलर्ट: 26 सितंबर को कई जिलों में स्कूल बंद, वाराणसी से लखनऊ तक जारी हुए आदेश


वाराणसी/लखनऊ। उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही बारिश ने एक बार फिर स्कूलों की पढ़ाई पर असर डाला है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान, अतिवृष्टि और कई इलाकों में जलभराव की स्थिति को देखते हुए प्रदेश के कई जिलों में 26 सितंबर 2026 को स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है। वाराणसी, लखनऊ, मिर्जापुर और चंदौली में प्रशासन एवं शिक्षा विभाग ने अलग-अलग कक्षाओं के लिए आदेश जारी किए हैं।

वाराणसी में कक्षा 12 तक स्कूल बंद

वाराणसी में 26 सितंबर को प्री-प्राइमरी से कक्षा 12 तक के विद्यालयों में शिक्षण कार्य स्थगित रहेगा। आदेश परिषद, राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त विद्यालयों के साथ CBSE, ICSE समेत अन्य बोर्ड के स्कूलों पर भी लागू होगा।

हालांकि स्कूलों में तैनात शिक्षक और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को विभागीय कार्यों के लिए उपस्थित रहना होगा।

लखनऊ में भी स्कूलों की पढ़ाई पर रोक

लखनऊ में भारी बारिश, खराब मौसम और जलभराव की आशंका को देखते हुए जिलाधिकारी के निर्देश पर 26 सितंबर को प्री-प्राइमरी से 12वीं तक के विद्यालयों में शिक्षण कार्य स्थगित रखने का फैसला लिया गया है।

शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित विभिन्न बोर्ड के विद्यालय इस आदेश के दायरे में होंगे। अधिकारियों को आदेश का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए गए हैं।

मिर्जापुर में नर्सरी से आठवीं तक छुट्टी

मिर्जापुर में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार वर्मा ने अत्यधिक बारिश और जलभराव की संभावना को देखते हुए नर्सरी से कक्षा 8 तक के स्कूलों में 26 सितंबर को अवकाश घोषित किया है।

परिषद, राजकीय, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त, CBSE, ICSE और अन्य बोर्ड के विद्यालयों पर यह आदेश लागू रहेगा। शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को विद्यालय पहुंचकर शासकीय कार्य निपटाने के निर्देश दिए गए हैं।

चंदौली में कक्षा 1 से 8 तक स्कूल बंद

चंदौली में भी बारिश को देखते हुए कक्षा 1 से 8 तक के सभी विद्यालय 26 सितंबर को बंद रहेंगे। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार की ओर से जारी आदेश में परिषद, मान्यता प्राप्त, सहायता प्राप्त, CBSE, ICSE और अन्य बोर्ड के विद्यालयों को शामिल किया गया है।

हालांकि शिक्षकों एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को विद्यालय में उपस्थित रहकर DBT, आधार आईडी, यू-डायस सहित विभागीय कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।

बारिश और जलभराव को देखते हुए एहतियात

लगातार बारिश के बीच प्रशासन की प्राथमिकता बच्चों की सुरक्षा और आवागमन में होने वाली परेशानी को कम करना है। ऐसे में जिलों में स्थानीय परिस्थितियों के आधार पर स्कूल बंद रखने के फैसले लिए जा रहे हैं।

अभिभावकों को सलाह है कि वे स्कूल भेजने से पहले अपने जिले के प्रशासन और शिक्षा विभाग की ओर से जारी आधिकारिक सूचना जरूर देख लें। फिलहाल जारी आदेश 26 सितंबर 2026 के लिए हैं।

और नया पुराने