पटना/बिहार। बिहार शिक्षा विभाग ने विद्यालय भ्रमण के दौरान कॉम्प्लेक्स रिसोर्स सेंटर कोऑर्डिनेटर (सीआरसीसी) की ऑनलाइन उपस्थिति को लेकर नया निर्देश जारी किया है। प्राथमिक शिक्षा निदेशालय की ओर से 6 नवंबर 2026 को जारी आदेश के अनुसार अब सीआरसीसी को विद्यालय भ्रमण के दिन भी अपने मूल विद्यालय से ही ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करनी होगी। इसके तहत उन्हें विद्यालय से प्रस्थान करने से पहले ऑनलाइन School In करना होगा और भ्रमण पूरा करने के बाद मूल विद्यालय लौटकर दिन की समाप्ति पर School Out दर्ज करना अनिवार्य होगा।
प्राथमिक शिक्षा निदेशक कुमार निशांत विवेक ने राज्य के सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों और जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों (ईई एवं एसएसए) को इस निर्देश का अनुपालन सुनिश्चित कराने को कहा है। विभाग की ओर से पूर्व में जारी मार्गदर्शिका के अनुसार सीआरसीसी को प्रत्येक सप्ताह दो विद्यालयों का भ्रमण कर कक्षा-कक्ष की शैक्षणिक गतिविधियों का अवलोकन और शिक्षकों की मेंटरिंग करनी है।
नए निर्देश के मुताबिक सीआरसीसी सामान्य दिनों की तरह सबसे पहले अपने मूल विद्यालय में ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करेंगे। इसके बाद ही मेंटरिंग के लिए चयनित विद्यालय में जाएंगे। वहां कक्षा-कक्ष अवलोकन और शिक्षकों के मार्गदर्शन का कार्य पूरा करने के बाद उन्हें अपने मूल विद्यालय वापस लौटना होगा। दिन की समाप्ति पर उसी विद्यालय से ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करनी होगी।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस व्यवस्था का अनुपालन जिला स्तर पर उपलब्ध साप्ताहिक भ्रमण रोस्टर के आधार पर कराया जाएगा। सभी जिलों के अधिकारियों को तत्काल संबंधित सीआरसीसी को निर्देश जारी करने और इसका शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इस आदेश की प्रतिलिपि राज्य परियोजना निदेशक, बिहार शिक्षा परियोजना परिषद और निदेशक, माध्यमिक शिक्षा को भी सूचनार्थ भेजी गई है। विभाग के इस कदम से सीआरसीसी की उपस्थिति और विद्यालय भ्रमण की गतिविधियों में पारदर्शिता तथा जवाबदेही सुनिश्चित करने का प्रयास किया गया है।
Tags:
Bihar

