Jamui: दुर्गम गोली गांव में खुशियों की रोशनी लेकर पहुंचे युवा, 200 परिवारों के बीच बांटी दीपावली की सौगात

जमुई/बिहार। दीपावली का पर्व केवल अपने घरों को रोशन करने का नहीं, बल्कि दूसरों के जीवन में खुशियों का उजाला फैलाने का भी अवसर है। इसी सामाजिक सरोकार को साकार करते हुए जमुई की सामाजिक संस्था ‘साइकिल यात्रा एक विचार’ के सदस्यों ने जमुई जिला अंतर्गत खैरा प्रखंड की गोली पंचायत स्थित दुर्गम गोली गांव में दीपावली मनाई। टीम के सदस्यों ने करीब 200 जरूरतमंद परिवारों के बीच मिठाइयां, कपड़े और दीपावली के उपहार वितरित किए।

जमुई से लगभग 30 किलोमीटर दूर स्थित इस गांव तक पहुंचना टीम के लिए किसी चुनौती से कम नहीं था। मुख्य सड़क से करीब 15 किलोमीटर का रास्ता बेहद दुर्गम और लगभग रास्ताविहीन होने के बावजूद युवाओं ने हौसला नहीं खोया। उपहार पाकर बच्चों और ग्रामीणों के चेहरों पर खुशी देखते ही बन रही थी।

मंच के संस्थापक विवेक कुमार ने कहा कि पिछले दस वर्षों से संस्था दीपावली के अवसर पर सुदूरवर्ती गांवों में पहुंचकर वंचित परिवारों के साथ खुशियां साझा कर रही है। उद्देश्य केवल एक दिन त्योहार मनाना नहीं, बल्कि ऐसे गांवों की समस्याओं को सामने लाकर वहां बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था के लिए प्रयास करना भी है।

वहीं, सदस्य लड्डू मिश्रा ने कहा कि कठिन रास्तों के बावजूद साथियों के उत्साह ने अभियान को सफल बनाया। समाज के अंतिम व्यक्ति के चेहरे पर मुस्कान लाना ही इस प्रयास की वास्तविक सफलता है।

कार्यक्रम में टिकु पासवान, संजीत कुमार, हेमराज कुमार, पिंटू यादव, संतोष रविदास, शैलेष भारद्वाज सहित मंच के अनेक सदस्य और सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।
और नया पुराने