जमुई/बिहार। जिले के सोनो थाना क्षेत्र अंतर्गत डुमरी चेकपोस्ट पर उत्पाद विभाग की टीम ने वाहन जांच के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए 589.5 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। इस दौरान दो अंतरराज्यीय शराब तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि तस्करी में इस्तेमाल की जा रही महिंद्रा बोलेरो पिकअप को भी जब्त कर लिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिला पदाधिकारी के निर्देश एवं उत्पाद अधीक्षक के नेतृत्व में अवैध शराब के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में डुमरी चेकपोस्ट पर सघन वाहन जांच के दौरान झारखंड के गिरिडीह से जमुई होते हुए खगड़िया जा रही बोलेरो पिकअप (जेएच-12 पी-0104) को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान वाहन पर लदी प्लास्टिक की पानी टंकियों में छिपाकर रखी गई विदेशी शराब बरामद हुई। जब्त शराब में ब्लैक टाइगर और ओल्ड हैबिट व्हिस्की शामिल है। कुल 65.5 पेटियों में रखी 996 बोतलों से 589.5 लीटर शराब बरामद की गई।
मौके से गिरफ्तार तस्करों की पहचान रंजीव कुमार दास एवं विश्वेश्वर सिंह के रूप में हुई है। दोनों झारखंड के कोडरमा जिले के नवलशाही थाना क्षेत्र स्थित बच्छेडीह गांव के निवासी बताए गए हैं।
उत्पाद विभाग ने दोनों आरोपितों के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। जिला प्रशासन ने आम लोगों से अवैध शराब से जुड़ी गतिविधियों की सूचना प्रशासन को देने की अपील की है।
Tags:
Bihar

