Jamui: खैरा के खेल भवन का होगा कायाकल्प, जिला प्रशासन और जेएम फाइनेंशियल फाउंडेशन के बीच एमओयू

जमुई/बिहार। जिले की खेल प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण पहल की है। बुधवार को समाहरणालय स्थित संवाद कक्ष में जिला प्रशासन और जेएम फाइनेंशियल फाउंडेशन के बीच खैरा स्थित खेल भवन सह व्यायामशाला के पुनरुद्धार, संचालन एवं प्रबंधन को लेकर समझौता पत्र (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इसके तहत खेल भवन को आधुनिक खेल एवं फिटनेस प्रशिक्षण केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।

इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने कहा कि जमुई में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत उन्हें उचित मार्गदर्शन, विशेषज्ञ प्रशिक्षण और आधुनिक संसाधन उपलब्ध कराने की है। प्रशासन का लक्ष्य है कि जिले के खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर जमुई का नाम रोशन करें।

जेएम फाइनेंशियल फाउंडेशन की ट्रस्टी एवं कार्यकारी निदेशक पूजा दवे ने बताया कि फाउंडेशन वर्ष 2016 से जमुई में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं आजीविका के क्षेत्र में कार्य कर रहा है। वर्ष 2021 से संचालित खेल परियोजना के तहत जिले के छह प्रखंडों में आठ केंद्रों पर एथलेटिक्स एवं फुटबॉल का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इससे अब तक दो हजार से अधिक बच्चे जुड़ चुके हैं।

तीन मंजिला खेल भवन में आधुनिक जिम, कार्डियो एवं वेट ट्रेनिंग, तायक्वोंडो, कुश्ती, टेबल टेनिस, शतरंज और कैरम के साथ योग, जुम्बा एवं एरोबिक्स की सुविधाएं विकसित की जाएंगी। अनुभवी प्रशिक्षकों की देखरेख में बच्चों और युवाओं को प्रशिक्षण मिलेगा।

इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को भी आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता सहित जिला स्तरीय पदाधिकारी, फाउंडेशन के प्रतिनिधि एवं मीडिया कर्मी उपस्थित रहे।
और नया पुराने