जमुई/बिहार। दीपावली के अवसर पर मिलेनियम स्टार फाउंडेशन एवं आरंभ प्ले स्कूल, खैरमा के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को जमुई जिला अंतर्गत बरहट प्रखंड के पत्नेश्वर धाम मंदिर के समीप स्थित पतौना महादलित टोला में दिवाली दान कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने जरूरतमंद परिवारों के बच्चों के बीच नए वस्त्र, खिलौने और चॉकलेट वितरित किए। बच्चों के इस प्रयास से टोले में दीपावली की खुशियां दोगुनी हो गईं। उपहार पाकर बच्चों के चेहरों पर मुस्कान देखते ही बन रही थी।
इस अवसर पर फाउंडेशन के संस्थापक-अध्यक्ष सुशांत साईं सुंदरम ने कहा कि दीपावली का वास्तविक अर्थ दूसरों के जीवन में खुशियों का प्रकाश फैलाना है। समाज के वंचित और जरूरतमंद लोगों के साथ त्योहार की खुशियां साझा करना ही सच्ची मानवता है। मिलेनियम स्टार फाउंडेशन सामाजिक सरोकारों के तहत लगातार ऐसे कार्य कर रहा है और भविष्य में भी यह अभियान जारी रहेगा।
आरंभ प्ले स्कूल की प्राचार्या साधना कुमारी ने कहा कि बच्चों को किताबी शिक्षा के साथ सामाजिक और नैतिक मूल्यों से जोड़ना भी आवश्यक है। बचपन से ही सेवा, सहयोग और संवेदना की भावना विकसित होने से बच्चे जिम्मेदार नागरिक बनते हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों द्वारा स्वयं जरूरतमंदों के बीच उपहार बांटना उनके संस्कार और संवेदनशीलता को दर्शाता है।
वहीं, फाउंडेशन के जिलाध्यक्ष अभिषेक कुमार झा ने कहा कि बच्चों की यह छोटी-सी पहल समाज को बड़ा संदेश देती है। जरूरतमंदों के चेहरे पर मुस्कान लाने से बढ़कर दीपावली का कोई दूसरा उपहार नहीं हो सकता। ऐसे कार्यक्रमों से समाज में सहयोग और भाईचारे की भावना मजबूत होती है।
कार्यक्रम में पत्नेश्वर धाम मंदिर के पुजारी राजीव पांडेय, मलयपुर थाना की अवर निरीक्षक स्वाति कुमारी, वरिष्ठ पत्रकार अभिषेक कुमार सिन्हा, फाउंडेशन की स्वयंसेविका प्रिया कुमारी, शिक्षिका प्राची वर्णवाल, आयुषी कुमारी, ज्योति सिंह, सूरज पासवान सहित विद्यालय की सभी शिक्षिकाएं एवं कर्मी उपस्थित थे। सभी ने बच्चों के इस मानवीय प्रयास की सराहना की।
Tags:
Bihar

