जमुई। जिले के अति नक्सल प्रभावित, पिछड़े एवं दुर्गम गांव गुरमाहा में बच्चों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक सराहनीय पहल की गई है। शुक्रवार को गांव में आजादी के बाद पहली बार सामुदायिक ‘बाल-बगिया’ केंद्र का विधिवत उद्घाटन गांव की पहली मैट्रिक पास बालिका सपना ने किया। डॉक्टरों, ग्रामीणों और सामाजिक संस्था ‘समग्र सेवा, जमुई’ की पहल पर शुरू हुए इस केंद्र से 3 से 6 वर्ष तक के 95 बच्चों को लाभ मिलेगा।
आंगनबाड़ी की तर्ज पर होगा संचालन
केंद्र में बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा, खेलकूद और पोषण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। बच्चों का नियमित वजन और लंबाई मापकर उनके स्वास्थ्य की निगरानी की जाएगी, ताकि कुपोषण दूर करने की दिशा में प्रभावी प्रयास हो सके।
बच्चों को मिले गर्म कपड़े और खिलौने
उद्घाटन के अवसर पर सभी 95 बच्चों को ठंड से बचाव के लिए स्वेटर और टोपी वितरित किए गए। साथ ही उनके मानसिक विकास एवं मनोरंजन के लिए खिलौने भी उपलब्ध कराए गए। बच्चों को प्रतिदिन अंडा, मौसमी सब्जियों वाली पोषण खिचड़ी, पोषण सत्तू तथा गुड़-चना देने की योजना है।
ग्रामीणों ने चुनीं दो केयरगिवर दीदियां
सामुदायिक बैठक में ग्रामीणों ने सर्वसम्मति से केंद्र के संचालन और देखरेख के लिए सोनिया देवी एवं मुलो देवी का चयन किया। कार्यक्रम में मुसहरीटांड़, कुमरतरी, बिचला टोला और आमा टोला के ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर संस्था के सचिव मकेश्वर, टीम सदस्य अजय सिंह, मुकेश, जितेंद्र एवं अमरेश उपस्थित रहे। सचिव मकेश्वर ने कहा कि यह केंद्र पूरी तरह समुदाय का है। इसके सफल संचालन से वन क्षेत्र के बच्चों को बचपन से ही बेहतर पूर्व-विद्यालयी शिक्षा और पोषण का वातावरण मिल सकेगा।
Tags:
Bihar

