Subscribe Us

Header Ads

चंदौली : धीमी गति से धान खरीद पर नाराज हुए डीएम और एमएलए, विधायक ने चेताया

चंदौली/उत्तर प्रदेश (Chandauli/Uttar Pradesh), देसी खबर (Desi Khabar), 7 जनवरी 2024, रविवार | रिपोर्ट : आनंद कुमार : धान का कटोरा कहे जाने वाले जनपद में धान खरीद को लेकर लगातार शिकायते सामने आ रही है। डीएम द्वारा अधिकारीयों को बार बार चेतावनी देने के बाद भी धान खरीद में क्रय केन्द्रो पर गड़बड़िया सामने आने लगी है। सैयदराजा विधायक सुशील सिंह से सैयदराजा विधानसभा क्षेत्र के किसानो द्वारा लगातार क्रय केन्द्रो की शिकायत की गयी।

जिसको देखते हुए डीएम निखिल टीकाराम फुंडे और सैयदराजा विधायक सुशील सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जनप्रतिनिधिगण, क्रय एजेंसियों, मिलर्स एवं संबंधित अधिकारियों के साथ धान खरीद की समीक्षा बैठक हुई। बैठक के दौरान विधायक सुशील सिंह ने कहा कि प्रत्येक जरूरतमंद किसानों का धान हर हाल में खरीदा जाए।

धान क्रय केंद्रों पर बोरो की पर्याप्त संख्या में व्यवस्था सुनिश्चित रखा जाय। धान क्रय केंद्र पर किसानों को सभी सुविधाएं उपलब्ध रखी जाय। राज्य सरकार किसानों की सभी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए तत्पर है किसानों को उनकी उपज का लाभकारी मूल्य सुनिश्चित करने की दिशा में निरंतर प्रयास किया जा रहे हैं। राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता से किसानों के साथ खड़ी है।

बैठक में डिप्टी आरएमओ ने बताया गया कि समर्थन मूल्य योजना के तहत जनपद में धान की खरीद 25 लाख मीट्रिक टन लक्ष्य है। जिसके सापेक्ष 05 जनवरी 2024 तक कुल 92263.54 मीट्रिक टन धान की खरीद हुई है। जो कि लक्ष्य का 36.90% है। जिस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जाहिर करते हुए निर्देशित किया कि जनपद में धान खरीद केन्द्रो पर कांटो की संख्या बढ़ाते हुए किसानों का धान पूरी पारदर्शिता के साथ तेजी से धान की खरीद सुनिश्चित हो।

जिलाधिकारी ने कहा शासन से आवंटित लक्ष्य को पूर्ण करने के लिए डिप्टी आरएमओ, क्रय एजेंसियों एवं क्रय प्रभारियों को मिलकर यह कार्य बेहतर व पूरी पारदर्शिता के साथ किसानों का धान सहूलियत पूर्वक सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। क्रय केंद्र पर बारिश की मौसम को देखते हुए तिरपाल सहित धान को ढकने के लिए पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित रखें। खरीद के साथ-साथ धान की उठान भी सुनिश्चित किया जाए।

वजन की मानक से अधिक धान की खरीद करने पर क्रय प्रभारी पर कड़ी कार्यवाही भी सुनिश्चित करेंगे। जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में धान की खरीद पूरी पारदर्शिता के साथ सुनिश्चित करने के लिए मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है जो लगातार भ्रमण कर रहे हैं। जिलाधिकारी ने किसानों से खरीद हुए धान का भुगतान की विभिन्न स्तरों पर मॉनिटरिंग करने के निर्देश डिप्टी आरएमओ को दिए।

वहीं विधायक सुशील सिंह ने कहा की किसानों का धान अभी तक क्रय केंद्र पर 30% ही लिया गया है। जिले में 25 लाख मीट्रिक टन धान खरीद का लक्ष्य है। लेकिन अभी तक मात्र 92 हजार मैट्रिक टन खरीद हुआ है जो की बहुत ही कम है। खरीद की अंतिम तिथि 29 फरवरी तक ही है बाकी किसान कांटा कम होने के कारण बाजारों में बेच दे रहे हैं। सैयदराजा विधायक ने कहा कि केंद्र पर धान के लिए अलग से काटा लगाया जाए और निर्देश दिए कि किसानों का धान आसानी से तौल लिया जाए और उसका भुगतान समय से कर दिया जाए। जिन किसानों का सत्यापन हो गया है उन्हें फोन करके खरीदारी करें।

किसानों को किसी भी प्रकार की समस्या और दिक्कत ना हो पाए, क्रय केन्द्र पर कमियों को दूर करने का भी विधायक ने निर्देश दिया। अभी तक लक्ष्य से धान कम खरीद पर विधायक ने नाराजगी जताई और धान की सफाई व अन्य बिंदुओं पर किसानों को परेशान ना करने का निर्देश भी दिया। बैठक के दौरान जिला खाद विपणन अधिकारी, एआर कोऑपरेटिव, जनप्रतिनिधि, क्रय एजेंसी, मिलर्स सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Chandauli: DM and MLA angry over slow paddy procurement, MLA warned