पटना/बिहार। समस्तीपुर के कर्पूरी ग्राम से 6 जुलाई 2025 को प्रारंभ हुई “शिक्षा अधिकार पदयात्रा” का गुरुवार को पटना स्थित चरखा समिति (जेपी आवास) में ऐतिहासिक समापन हुआ। इस पदयात्रा का नेतृत्व जाने-माने समाजसेवी और रेमन मैगसेसे पुरस्कार से सम्मानित डॉ. संदीप पांडे ने किया, जो सोशलिस्ट पार्टी (इंडिया) के राष्ट्रीय महासचिव भी हैं।
पदयात्रा का आयोजन सोशलिस्ट पार्टी (इंडिया) द्वारा किया गया था, जिसमें जन विकास शक्ति संगठन, जन आंदोलनों का राष्ट्रीय समन्वय, जन जागरण शक्ति संगठन, कोशी नवनिर्माण मंच, राष्ट्र सेवा दल, लोक परिषद जैसे कई अन्य सामाजिक संगठनों और नागरिक समूहों ने भी समर्थन और भागीदारी दी। आज पटना के गांधी सेतु को पार करते हुए यह पदयात्रा पटना जिला में दाखिल हुई और कुम्हरार होते हुए सैकड़ों पदयात्रियों, जिनमें महिलाएं और युवा बड़ी संख्या में शामिल थे, के साथ चरखा समिति पहुंची। रास्ते भर जगह-जगह आम लोगों ने पदयात्रियों का फूल-मालाओं और पुष्प वर्षा के साथ गर्मजोशी से स्वागत किया।
पदयात्रा के समापन अवसर पर चरखा समिति परिसर में एक जनसभा का आयोजन किया गया जिसमें डॉ. संदीप पांडेय ने कहा कि इस पदयात्रा का उद्देश्य आम नागरिकों में समान, नि:शुल्क और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के अधिकार को लेकर जनजागरण फैलाना है। आज भी देश में शिक्षा की गुणवत्ता और अवसर एक छोटे से वर्ग तक सीमित है। सरकारी स्कूलों की हालत चिंताजनक है और निजी शिक्षा गरीब व मध्यमवर्ग के लिए महंगी होती जा रही है।
समापन कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व विधायक वसी अहमद ने की और सभा को जन विकास शक्ति संगठन के अजय सहनी व सुधा, कोशी नवनिर्माण मंच के महेन्द्र यादव, सोशलिस्ट पार्टी (इण्डिया) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सैयद तहसीन अहमद, प्रदेश अध्यक्ष विजेन्द्र कुमार, प्रदेश उपाध्यक्ष नशूर अजमल, प्रदेश महासचिव धनंजय सिन्हा, उ. प्र. महासचिव मीनाक्षी सिंह ने सम्बोधित किया। कार्यक्रम का संचालन जन जागरण शक्ति संगठन के आशीष रंजन व लोक परिषद के रूपेश ने किया।
कार्यक्रम में राष्ट्र सेवा दल के शाहिद कमाल, मधुबनी से प्रोफेसर जावेद अब्दुल्लाह, समाजसेवी कुंदन किशोर, सोशलिस्ट पार्टी (इण्डिया) के बिहार प्रदेश मीडिया प्रभारी आलोक कुमार व प्रवक्ता शशिकांत प्रसाद भी शामिल हुए।
इस पदयात्रा के दौरान आज पटना में एक जनसभा को सम्बोधित करते हुए सोशलिस्ट पार्टी (इंडिया) के बिहार प्रदेश महासचिव धनंजय कुमार सिन्हा ने घोषणा की कि पार्टी आगामी बिहार विधानसभा चुनाव में सभी 243 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि —
बिहार की अगली सरकार सोशलिस्ट पार्टी (इंडिया) की भागीदारी या समर्थन के बिना नहीं बन सकती। सत्ता में आने पर हम मुचकुंद दुबे आयोग की सिफारिशों को लागू कर समान शिक्षा अधिकार कानून को बिहार में लागू करेंगे, जिससे गरीब हो या अमीर, सबको एक समान, गुणवत्तापूर्ण और नि:शुल्क शिक्षा मिल सके।
इस पदयात्रा के दौरान उठाए गए प्रमुख नारों में से एक था, “गरीब हो या अमीर की संतान, सबकी शिक्षा एक समान।”
Tags:
Bihar