नई दिल्ली। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) ने 41वीं बटालियन के कांस्टेबल (जीडी) मुनीर अहमद को सेवा से तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर दिया है। उन पर सुरक्षा मानकों के गंभीर उल्लंघन, एक पाकिस्तानी नागरिक से गुप्त रूप से निकाह करने और उसकी वीजा वैधता समाप्त होने के बावजूद उसे भारत में पनाह देने का आरोप है।
CRPF की आंतरिक जांच में यह सामने आया कि मुनीर अहमद ने एक पाकिस्तानी महिला से वीडियो कॉल के माध्यम से शादी की थी, जिसकी जानकारी उन्होंने अपने विभाग से छिपाई। इतना ही नहीं, उन्होंने अपनी पत्नी की भारत में मौजूदगी और वीजा स्थिति के बारे में भी जानकारी साझा नहीं की, जो सेवा नियमों का सीधा उल्लंघन है।
सीआरपीएफ अधिकारियों के अनुसार, इस तरह का आचरण न केवल संगठन की आंतरिक नीतियों के विरुद्ध है, बल्कि यह राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए भी एक गंभीर खतरा पैदा कर सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए बल ने 'जीरो टॉलरेंस' नीति अपनाते हुए मुनीर अहमद को तत्काल प्रभाव से सेवा से हटा दिया।
CRPF ने यह स्पष्ट किया कि बल में कार्यरत हर कर्मी से यह अपेक्षा की जाती है कि वह सेवा शर्तों का पूरी निष्ठा और पारदर्शिता के साथ पालन करे, खासकर जब मामला देश की सुरक्षा से जुड़ा हो।
Tags:
New Delhi