सोशलिस्ट पार्टी ने संगठन निर्माण एवं विधायक-सांसद प्रत्याशियों के चयन के लिये नियमावली जारी किया

पटना/बिहार, 3 जनवरी 2026, शनिवार : सोशलिस्ट पार्टी (इंडिया) ने संगठन निर्माण एवं विधायक-सांसद उम्मीदवारों के चयन के लिये एक नियमावली जारी किया है। बिहार प्रदेश इकाई द्वारा इस नियमावली को जारी करते हुए प्रदेश अध्यक्ष धनंजय कुमार सिन्हा ने कहा कि पार्टी बिहार एवं यूपी में "लोकतंत्र के प्रयोग" नाम से संगठन निर्माण की प्रक्रियाओं को दो चरणों में पूरा करेगी जिसके तहत ग्राम कमिटी से लेकर राज्य कमिटी तक के गठन में कार्यकर्ताओं की भूमिका सबसे अहम होगी। सभी पदों के लिये गोपनीय वोटिंग एवं पारदर्शी गिनती के माध्यम से चुनाव कराये जायेंगे। 

उन्होंने कहा कि विधायक एवं सांसद प्रत्याशियों का चयन भी गोपनीय वोटिंग एवं पारदर्शी गिनती के माध्यम से ही किया जायेगा जिसमें कार्यकर्ताओं एवं ग्राम कमिटी के पदाधिकारियों की भूमिका सबसे अहम रहेगी। इसमें राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय कमिटियों का हस्तक्षेप न के बराबर होगा। 

धनंजय ने कहा कि देश एवं दुनिया के अधिकतर देशों में राजनीतिक पार्टियों में आंतरिक लोकतंत्र का अभाव देखा जा रहा है। एक व्यक्ति अथवा अधिकतम चार-पांच व्यक्ति मिलकर ही पार्टी के सभी महत्वपूर्ण पदों की नियुक्तियों से लेकर टिकट वितरण तक के सारे निर्णय ले लेते हैं। इन निर्णयों में पार्टी कार्यकर्ताओं एवं ग्राम-पंचायत कमिटियों की कोई भूमिका ही नहीं होती है। 

उन्होंने कहा कि सोशलिस्ट पार्टी (इंडिया) अपने आंतरिक संगठन के गठन एवं विधायक-सांसद प्रत्याशियों के चयन में कार्यकर्ताओं एवं ग्राम-पंचायत कमिटियों के पदाधिकारियों को उनका वाजिब अधिकार देगी। ऐसे सभी निर्णयों में उनकी भूमिका राष्ट्रीय एवं राज्य कमिटियों से भी ज्यादा महत्वपूर्ण होगी। 

इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष कुंदन किशोर, विनय कुमार झा, महासचिव श्रद्धा सुमन, कोषाध्यक्ष जय प्रकाश, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य आयुष श्रीवास्तव, जय प्रकाश सिंह सहित दर्जनों नेता मौजूद रहे।
और नया पुराने