जमुई की बेटी प्रियंका की बांका में संदिग्ध मौत, पति सहित ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप

  • दहेज के लोभ में विवाहिता की हत्या
  • भाई भवानी पाण्डेय ने लगाई इंसाफ की गुहार

बांका/बिहार। जिले के चांदन थाना अंतर्गत पांडेयडीह गांव में दहेज की बलि चढ़ी जमुई की एक बेटी। महज तीन साल पहले ससुराल आई प्रियंका कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के भाई विवेकानंद पाण्डेय ने इस घटना के पीछे दहेज हत्या का सनसनीखेज आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि उनकी बहन की हत्या उसके पति राजकुमार पाण्डेय उर्फ राजा पाण्डेय सहित ससुराल पक्ष के अन्य लोगों ने मिलकर की है।

मिली जानकारी के अनुसार, प्रियंका कुमारी की शादी 5 जून 2022 को बड़े धूमधाम से बांका जिले के पांडेयडीह गांव निवासी राजकुमार पाण्डेय से हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज में पांच लाख रुपये नकद और मोटरसाइकिल की मांग कर रहे थे। परिजनों के अनुसार, जब यह मांग पूरी नहीं हुई, तो प्रियंका को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा।

मृतका के भाई विवेकानंद पाण्डेय ने बताया कि कई बार प्रियंका ने फोन कर उन्हें प्रताड़ना की जानकारी दी थी। उन्होंने अपनी बहन को ससुराल में समायोजन के लिए समझाने का भी प्रयास किया, लेकिन ससुराल वालों का व्यवहार दिनोंदिन क्रूर होता चला गया। विवेकानंद ने बताया कि प्रियंका ने एक नौ माह की बच्ची को जन्म दिया था, जिसके बाद से प्रताड़ना और भी बढ़ गई थी।

घटना के दिन, शुक्रवार रात परिवार को सूचना मिली कि प्रियंका की हालत गंभीर है। जब भाई विवेकानंद अपनी बहन के ससुराल पहुंचे, तो उन्होंने प्रियंका का शव संदिग्ध अवस्था में पड़ा हुआ पाया। परिजनों का आरोप है कि प्रियंका की बेरहमी से पिटाई करने के बाद गला दबाकर हत्या कर दी गई।

पीड़ित परिवार ने इस संबंध में चांदन थाना में पति राजकुमार पाण्डेय, सास सरिता देवी, ससुर जिदेन्द्र पाण्डेय, ननद रानी देवी सहित अन्य के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए बांका भेज दिया है और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

इस घटना के बाद मृतका के भाई और प्रसिद्ध गायक भवानी पाण्डेय ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी बहन को न्याय दिलाने की भावुक अपील की है। उन्होंने लिखा, "बहन को दरिंदगी से मार दिया गया। आखिर कब तक बेटियां दहेज के लोभ में मरती रहेंगी? आखिर समाज कब जागेगा? मेरी बहन प्रियंका के हत्यारों को फांसी की सजा मिलनी चाहिए। सभी से निवेदन है कि इस लड़ाई में हमारा साथ दें।"

वहीं, चांदन थानाध्यक्ष ने कहा कि मामले की जांच तेज़ी से की जा रही है और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
और नया पुराने