Jamui: जिले में राजस्व महाअभियान शुरु, हर घर तक पहुँचेगी जमीन से जुड़ी सेवाएं

जमुई/बिहार (Jamui/Bihar), 17 अगस्त 2025, रविवार : बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की ओर से 16 अगस्त से 20 सितंबर तक राज्यव्यापी राजस्व महाअभियान शुरू हो गया है। इस अभियान का उद्देश्य है कि जनता को उनकी जमीन से जुड़े सभी सुधार कार्य और नामांतरण की सुविधा सीधे घर-घर तक पहुँचाई जा सके।

• जिलाधिकारी स्वयं ले रहे स्थिति का जायजा
अभियान की शुरुआत के साथ ही जिलाधिकारी श्री नवीन ने जमुई अंचल और खैरा प्रखंड के रायपुरा पंचायत का दौरा कर व्यवस्था का जायजा लिया। डीएम ने बताया कि नामित हल्का कर्मी घर-घर जाकर प्रपत्र देंगे और फिर पंचायतवार शिविरों में आवेदन की जाँच एवं निस्तारण किया जाएगा।

• इन कार्यों का होगा निपटारा
- डिजिटाइज्ड जमाबंदी में त्रुटि सुधार
- छूटी हुई जमाबंदी का ऑनलाइन अंकन
- उत्तराधिकार नामांतरण
- संयुक्त संपत्ति का बंटवारा नामांतरण
- नाम, खाता, खेसरा, रकबा, लगान जैसी अशुद्धियों का सुधार

सभी आवेदन पंचायत भवनों में लगाए जाने वाले शिविरों में लिए जाएंगे।

• पारदर्शिता और समयबद्धता पर सख्ती
डीएम श्री नवीन ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अभियान के हर चरण में पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। अभियान के अनुश्रवण के लिए वरीय प्रभारी पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी और भूमि सुधार उप-समाहर्ता लगातार निरीक्षण करेंगे। वहीं, सभी अंचल अधिकारी प्रतिदिन का प्रतिवेदन विभागीय पोर्टल पर अपलोड करेंगे।

• आम जनता को बड़ी राहत
अब लोगों को छोटे-छोटे सुधार कार्यों के लिए दफ्तरों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी। घर पर ही प्रपत्र प्राप्त होंगे और नजदीकी शिविर में आवेदन जमा किया जा सकेगा। अधिक जानकारी बिहार भूमि की आधिकारिक वेबसाइट एवं जिला प्रशासन के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर उपलब्ध है।
और नया पुराने