लखनऊ/उत्तर प्रदेश। यूपी की राजधानी लखनऊ से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां सेंट मैरी स्कूल में फेयरवेल पार्टी के दौरान चाऊमीन खाने पर कुछ छात्रों को दो दिनों के लिए सस्पेंड कर दिया गया। इस घटना ने न केवल छात्रों बल्कि अभिभावकों को भी चौंका दिया है और स्कूल प्रशासन के फैसले पर कई सवाल खड़े हो गए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, स्कूल में आयोजित फेयरवेल पार्टी के दौरान कुछ छात्रों ने चाऊमीन खा ली थी। इसी बात को लेकर स्कूल प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए छात्रों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की। स्कूल की प्रिंसिपल ने व्हाट्सऐप ऑडियो मैसेज के माध्यम से छात्रों को सस्पेंड किए जाने की सूचना दी। बताया जा रहा है कि स्कूल के पिछले 25 वर्षों के इतिहास में यह पहली बार है जब इस तरह की कार्रवाई की गई है।
इस फैसले के सामने आते ही अभिभावकों में भारी नाराजगी देखने को मिली। पेरेंट्स का कहना है कि फेयरवेल जैसे कार्यक्रम में बच्चों द्वारा खाना खाने पर इस तरह की कठोर कार्रवाई पूरी तरह से अनुचित है। उन्होंने स्कूल प्रशासन पर मनमानी करने का आरोप लगाते हुए फैसले पर पुनर्विचार की मांग की।
अभिभावकों के विरोध और बढ़ते दबाव के बाद स्कूल प्रबंधन ने सस्पेंड किए गए छात्रों को बाद में स्कूल आने की अनुमति दे दी। हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम ने स्कूल की कार्यप्रणाली और नियमों को लेकर बहस छेड़ दी है।
फिलहाल यह मामला शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग स्कूलों में अनुशासन के नाम पर की जा रही सख्ती को लेकर अपनी-अपनी राय रख रहे हैं।
#Lucknow | School Suspension | #ChowMein | #FairwellParty | #Students
Tags:
Uttar Pradesh

