विश्व स्वास्थ्य दिवस पर गिद्धौर के मैरी बहन बालिका विद्यालय में छात्राओं की स्वास्थ्य जांच, जागरूकता पर विशेष जोर

गिद्धौर/जमुई। विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर प्रखंड क्षेत्र के चंद्रशेखरनगर स्थित मैरी बहन बालिका विद्यालय में छात्राओं के स्वास्थ्य को लेकर एक सराहनीय पहल की गई। स्वयंसेवी संस्था परिवार विकास के तत्वावधान में आयोजित इस विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर में विद्यालय की लगभग 100 आदिवासी एवं आर्थिक रूप से कमजोर छात्राओं का व्यापक स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य न केवल छात्राओं के स्वास्थ्य की वर्तमान स्थिति का आकलन करना था, बल्कि उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाना भी रहा।

कार्यक्रम के दौरान दिग्विजय सिंह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, गिद्धौर से आए चिकित्सकों की टीम ने छात्राओं की बारीकी से जांच की। इस क्रम में छात्राओं का शारीरिक तापमान, रक्तचाप, एनीमिया सहित अन्य आवश्यक स्वास्थ्य मानकों की जांच की गई। चिकित्सकों ने विशेष रूप से किशोरियों में होने वाली सामान्य स्वास्थ्य समस्याओं पर ध्यान केंद्रित करते हुए उन्हें उचित उपचार एवं परामर्श प्रदान किया।

शिविर के दौरान किशोरी स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए आवश्यक दवाओं का वितरण भी किया गया। चिकित्सकों की टीम ने छात्राओं को बताया कि बेहतर स्वास्थ्य के लिए नियमित रूप से आयरन की गोलियों का सेवन करना अत्यंत आवश्यक है, जिससे एनीमिया जैसी समस्याओं से बचा जा सके। साथ ही, प्रत्येक छह माह में टिटनेस (टीटी) का टीका लेने की भी सलाह दी गई, ताकि विभिन्न संक्रमणों से सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

इसके अलावा, छात्राओं को संतुलित एवं पोषणयुक्त आहार लेने, हरी सब्जियों एवं फल का सेवन बढ़ाने तथा जंक फूड से दूर रहने की सलाह दी गई। व्यक्तिगत स्वच्छता के महत्व पर भी विस्तार से प्रकाश डालते हुए उन्हें नियमित रूप से साफ-सफाई रखने, हाथ धोने की आदत अपनाने और स्वच्छ वातावरण में रहने के लिए प्रेरित किया गया।

गर्मी के मौसम को ध्यान में रखते हुए चिकित्सकों ने विशेष सावधानियां बरतने की अपील की। उन्होंने छात्राओं को अधिक से अधिक पानी पीने, धूप में अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने और हल्के व सूती कपड़े पहनने की सलाह दी, ताकि लू एवं डिहाइड्रेशन जैसी समस्याओं से बचा जा सके।

इस अवसर पर गिद्धौर से डॉ. हेत राम मीना, माला कुमारी, सपना मुर्मू सहित स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे। वहीं संस्था के सचिव भावनंद, विद्यालय की वार्डेन रूबी कुमारी, अभिषेक आनंद, उपेंद्र यादव तथा विद्यालय की शिक्षिकाएं एवं अन्य गणमान्य लोगों की भी सक्रिय भागीदारी रही।

कार्यक्रम के समापन पर आयोजकों ने बताया कि इस प्रकार के स्वास्थ्य जांच शिविर समय-समय पर आयोजित किए जाएंगे, जिससे छात्राओं के स्वास्थ्य की निरंतर निगरानी हो सके और उन्हें एक स्वस्थ एवं सुरक्षित भविष्य की ओर अग्रसर किया जा सके।
और नया पुराने