Bihar: राबड़ी देवी ने मांगी एक माह की मोहलत, लालू प्रसाद की खराब सेहत और संक्रमण के खतरे का दिया हवाला

पटना/बिहार। बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने पटना स्थित 10 सर्कुलर रोड के सरकारी आवास को खाली करने के लिए राज्य सरकार से एक महीने की अतिरिक्त मोहलत की मांग की है। निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को पत्र लिखकर अपने पति एवं राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव की गंभीर स्वास्थ्य स्थिति का उल्लेख करते हुए मानवीय आधार पर समय देने का अनुरोध किया है।

दरअसल, भवन निर्माण विभाग की ओर से राबड़ी देवी को 10 सर्कुलर रोड स्थित सरकारी आवास खाली करने के लिए 15 दिनों का नोटिस जारी किया गया था। नोटिस की अवधि पूरी होने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री ने सरकार को पत्र भेजकर बताया कि लालू प्रसाद यादव गंभीर बीमारियों से जूझ रहे हैं तथा चिकित्सकों ने उन्हें संक्रमण के खतरे से बचाने के लिए विशेष सावधानी बरतने और अलग वातावरण में रखने की सलाह दी है। इसी को ध्यान में रखते हुए वर्तमान आवास में विशेष चिकित्सीय व्यवस्था की गई है।

राबड़ी देवी ने अपने पत्र में कहा है कि नए आवास में भी इसी प्रकार की स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं और संक्रमण से बचाव की आवश्यक व्यवस्थाएं करने में समय लगेगा। ऐसे में जब तक नई जगह पर समुचित इंतजाम नहीं हो जाता, तब तक उन्हें वर्तमान आवास में रहने की अनुमति दी जाए।

गौरतलब है कि राज्य सरकार द्वारा 10 सर्कुलर रोड स्थित इस सरकारी बंगले का आवंटन वर्तमान मंत्री नंदकिशोर राम के नाम किया जा चुका है। इससे पहले राबड़ी देवी ने बंगला खाली करने को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए इसे लेकर आपत्ति भी जताई थी। हालांकि अब उन्होंने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर एक महीने की मोहलत देने की अपील की है।

इस मामले ने राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा तेज कर दी है। अब सबकी निगाहें राज्य सरकार के फैसले पर टिकी हैं कि वह पूर्व मुख्यमंत्री की इस मांग पर क्या निर्णय लेती है।
और नया पुराने