Jamui: वैद्य अमरेंद्र मिश्र की स्मृति में साइकिल यात्रा एक विचार ने दी हरित श्रद्धांजलि, पर्यावरण संरक्षण का संकल्प

जमुई/बिहार (Jamui/Bihar), 5 जुलाई 2026, रविवार)। पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता के लिए लगातार कार्य कर रही संस्था साइकिल यात्रा एक विचार, जमुई की ओर से आयोजित 548वीं रविवारीय साइकिल यात्रा के दौरान खैरा प्रखंड के रायपुरा गांव में प्रसिद्ध वैद्य स्वर्गीय अमरेंद्र मिश्र की पावन स्मृति में भावभीनी हरित श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर साइकिल यात्रियों, ग्रामीणों एवं समाजसेवियों ने पौधारोपण कर दिवंगत वैद्य के पर्यावरण प्रेम, समाज सेवा तथा आयुर्वेद के क्षेत्र में उनके अतुलनीय योगदान को याद किया।

कार्यक्रम की शुरुआत पौधारोपण अभियान से हुई, जहां उपस्थित लोगों ने पौधे लगाकर उनके संरक्षण का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि किसी भी महान व्यक्तित्व को सच्ची श्रद्धांजलि केवल पुष्प अर्पित करने से नहीं, बल्कि उनके विचारों और आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने से मिलती है। इसी सोच के साथ हरित श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया, ताकि समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरण का संदेश दिया जा सके।

इस अवसर पर लड्डू मिश्रा एवं विनोद आचार्य ने कहा कि आज के समय में बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को पौधारोपण और उसके संरक्षण की जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय वैद्य अमरेंद्र मिश्र के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि अधिक से अधिक पेड़ लगाए जाएं और उन्हें सुरक्षित रखा जाए, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं हरित वातावरण मिल सके।

वहीं डॉ. अमरनाथ मिश्रा एवं मंटू वैद्य ने अपने संबोधन में कहा कि स्वर्गीय वैद्य अमरेंद्र मिश्र ने अपने पूरे जीवन में आयुर्वेद, प्राकृतिक चिकित्सा और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देते हुए निस्वार्थ भाव से समाज की सेवा की। उनका व्यक्तित्व प्रकृति के प्रति सम्मान, पर्यावरण संरक्षण और जनकल्याण की भावना का प्रतीक था। उन्होंने कहा कि उनके दिखाए मार्ग पर चलना ही उनके प्रति सबसे बड़ी श्रद्धांजलि होगी।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनकी नियमित देखभाल करने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए समाज में जनजागरण अभियान चलाने का सामूहिक संकल्प लिया।

इस अवसर पर संस्था के सदस्य गोलू कुमार, हर्ष कुमार सिन्हा, राकेश कुमार, सागर कुमार, रामप्रवेश कुमार, विनोद आचार्य, लड्डू मिश्रा, मंटू वैद्य, सुशील कुमार, रौशन कुमार, सोनू कुमार, मोनू कुमार, कंचन, बंटी, अनंती कुमारी, रानी कुमारी, खुशी कुमारी, अनीता कुमारी, डॉ. अमरनाथ, अभितेंद्र आचार्य, गुड्डू यादव, अमित कुमार, विवेक कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने और हरित भविष्य के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प दोहराया।
और नया पुराने