रांची/झारखंड। राज्य में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन Hemant Soren और विधायक कल्पना सोरेन Kalpana Soren ने शनिवार को अपने आवासीय कार्यालय में एन्यूमरेशन (गणना) प्रपत्र भरकर अभियान में सहभागिता निभाई। इस दौरान उन्होंने मतदाता सूची को अधिक पारदर्शी, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के लिए चलाए जा रहे इस विशेष अभियान का समर्थन किया।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत जागरूक मतदाता होते हैं। उन्होंने राज्य के सभी पात्र नागरिकों से अपील की कि वे निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत निर्धारित समय सीमा के भीतर अपना एन्यूमरेशन प्रपत्र अवश्य भरें और आवश्यक दस्तावेजों के साथ प्रक्रिया को पूरा करें। इससे मतदाता सूची अद्यतन रहेगी और प्रत्येक पात्र नागरिक अपने मताधिकार का प्रयोग करने में सक्षम होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे स्वयं भी इस प्रक्रिया में शामिल हों और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी समय पर मतदाता सूची से संबंधित औपचारिकताएं पूरी करने के लिए प्रेरित करें।
इस अवसर पर विधायक कल्पना सोरेन ने भी मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण अभियान को लोकतंत्र की मजबूती के लिए आवश्यक बताते हुए नागरिकों से सक्रिय सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी पात्र मतदाता समय रहते अपना नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित करें, ताकि भविष्य में किसी भी चुनाव के दौरान उन्हें मतदान करने में कोई परेशानी न हो।
राज्य में चल रहे इस विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अद्यतन करना, नए पात्र मतदाताओं को जोड़ना तथा त्रुटियों का निराकरण करना है, जिससे निष्पक्ष, पारदर्शी और सशक्त लोकतांत्रिक प्रक्रिया को और अधिक मजबूती मिल सके।
Tags:
Jharkhand



