Varanasi: श्रावण की तैयारियों का पुलिस आयुक्त ने लिया जायजा, जाम और कांवड़ यात्रा सुरक्षित बनाने के दिए निर्देश

वाराणसी/उत्तर प्रदेश। आगामी श्रावण मास में कांवड़ यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ और शहर में सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में बुधवार को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल स्वयं सड़कों पर उतरे और Reducing Traffic Congestion (RTC) Scheme के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ-साथ कांवड़ यात्रा की सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का व्यापक स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए तथा शहर में निर्बाध यातायात व्यवस्था हर हाल में सुनिश्चित की जाए।

निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त ने शहर के प्रमुख प्रवेश मार्गों एवं संवेदनशील यातायात बिंदुओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने चाँदपुर चौराहा, बौलिया तिराहा, लहरतारा, कैंट रेलवे स्टेशन, चौकाघाट तथा आंध्रापुल सहित कई महत्वपूर्ण स्थानों पर पहुंचकर यातायात संचालन, सुरक्षा प्रबंध और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों से मौके पर ही आवश्यक जानकारी लेते हुए उन्होंने विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष बल दिया।

इस दौरान चाँदपुर से बौलिया तिराहे तक निर्माणाधीन सर्विस लेन का भी निरीक्षण किया गया। पुलिस आयुक्त ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि श्रावण मास शुरू होने से पहले सड़क निर्माण एवं अन्य अधूरे कार्यों को हर हाल में पूरा किया जाए, ताकि कांवड़ यात्रियों और आम नागरिकों को आवागमन में किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।

पुलिस आयुक्त ने शहर में ट्रैफिक जाम की प्रमुख वजह बन रहे अवैध बस स्टैंड, अनधिकृत पार्किंग, सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण तथा ठेला-खुमचा के अनियंत्रित संचालन पर भी कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि ऐसे सभी अवैध अतिक्रमणों को तत्काल हटाया जाए और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

श्रावण मास के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी पुलिस आयुक्त ने विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने रेलवे स्टेशन, बस अड्डों, प्रमुख चौराहों एवं कांवड़ यात्रा मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, पर्याप्त बैरिकेडिंग, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, स्पष्ट दिशा-सूचक संकेतक, आपातकालीन सहायता केंद्र तथा संदिग्ध गतिविधियों पर चौबीसों घंटे निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों से कहा कि भीड़ प्रबंधन, ट्रैफिक नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

पुलिस कमिश्नरेट का उद्देश्य श्रावण मास के दौरान काशी आने वाले लाखों शिवभक्तों को सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित यात्रा उपलब्ध कराना है। इसी दिशा में RTC योजना के माध्यम से शहर में ट्रैफिक जाम की समस्या को कम करने और यातायात व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान पुलिस एवं यातायात विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे और पुलिस आयुक्त द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई शीघ्र सुनिश्चित करने का भरोसा दिलाया।
और नया पुराने