पुलिस लाइन में आयोजित हुआ सेवानिवृत्ति समारोह, अधिकारियों ने स्मृति चिन्ह देकर किया सम्मानित
वाराणसी। वर्षों तक पुलिस विभाग की जिम्मेदारियां संभालने के बाद सोमवार को कमिश्नरेट वाराणसी के 10 पुलिसकर्मी सेवानिवृत्त हो गए। पुलिस लाइन में इनके सम्मान में विदाई समारोह आयोजित किया गया। लंबे सेवाकाल के बाद साथियों से विदाई लेते समय समारोह का माहौल भावुक हो गया।
सेवानिवृत्त होने वाले पुलिसकर्मियों में एक निरीक्षक नागरिक पुलिस, एक अग्निशमन अधिकारी, चार उपनिरीक्षक और चार अन्य कर्मचारी शामिल हैं। अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय शिवहरी मीना ने सभी को सम्मानित करते हुए उनके सेवाकाल की सराहना की।इन 10 पुलिसकर्मियों ने पूरी की सेवा
सेवानिवृत्त होने वालों में निरीक्षक नागरिक पुलिस विद्याशंकर शुक्ला (थाना मंडुवाडीह), अग्निशमन अधिकारी इंद्रजीत वर्मा (प्रभारी फायर स्टेशन भेलूपुर), उपनिरीक्षक राम बचन प्रसाद (वाचक, अपर पुलिस आयुक्त अपराध), उपनिरीक्षक छोटेलाल यादव (पुलिस लाइन), उपनिरीक्षक रेडियो अखिलेश चंद्र गुप्ता (रेडियो शाखा) और उपनिरीक्षक कालीदीन (यातायात पुलिस लाइन) शामिल रहे।इसके अलावा मुख्य आरक्षी चालक सालिक राम यादव और हरिकान्त सिंह (परिवहन शाखा), मुख्य आरक्षी सशस्त्र पुलिस मोहम्मद यूसुफ (पुलिस लाइन) तथा स्वीपर रहमतुल्ला (पुलिस लाइन) भी सेवानिवृत्त हुए।
शिवहरी मीना ने की सेवाओं की सराहना
अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीना ने कहा कि सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों ने अपने कार्यकाल में जिम्मेदारी, अनुशासन और ईमानदारी के साथ विभाग की सेवा की। जनसेवा के प्रति उनका समर्पण पुलिस विभाग के लिए महत्वपूर्ण रहा है।उन्होंने कहा कि इन कर्मियों का अनुभव और सेवाकाल विभाग में कार्यरत अन्य पुलिसकर्मियों के लिए प्रेरणादायक रहेगा। पुलिस विभाग में उनके योगदान को सम्मान के साथ याद किया जाएगा।
स्मृति चिन्ह देकर दी गई विदाई
समारोह के दौरान सभी सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों को स्मृति चिन्ह और फोटो फ्रेम भेंट किए गए। अधिकारियों ने उनके स्वस्थ और सुखद भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में पुलिस उपायुक्त लाइन्स प्रमोद कुमार, अपर पुलिस उपायुक्त लाइन्स वैभव बांगर, सहायक पुलिस आयुक्त लाइन्स गौरव कुमार, प्रतिसार निरीक्षक सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारी और सेवानिवृत्त कर्मियों के परिजन मौजूद रहे।



