Jamui: BJP का 'प्रबुद्ध जन संवाद' कार्यक्रम आयोजित, मंत्री श्रेयसी सिंह ने बुद्धिजीवियों से किया संवाद

जमुई/बिहार। भारतीय जनता पार्टी की ओर से लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ कार्यक्रम के तहत गुरुवार को जमुई में ‘प्रबुद्ध जन संवाद’ का आयोजन किया गया। जिला अध्यक्ष दुर्गा प्रसाद केसरी की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में बिहार सरकार की मंत्री श्रेयसी सिंह ने बुद्धिजीवियों, शिक्षाविदों, चिकित्सकों, अधिवक्ताओं और विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिष्ठित नागरिकों से सीधा संवाद किया।

विपक्ष की भूमिका पर उठे सवाल

कार्यक्रम में कश्मीर से धारा 370 हटाने, किसान आंदोलन, दिल्ली में विरोध प्रदर्शनों और देश में कथित अराजकता जैसे मुद्दों पर सवाल उठाए गए। उपस्थित लोगों ने सरकार की कार्रवाई और विपक्ष की भूमिका को लेकर अपनी जिज्ञासाएं रखीं।

अराजकता के खिलाफ कठोर कार्रवाई की बात

मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि लोकतंत्र में सरकार का विरोध करना संवैधानिक अधिकार है, लेकिन विरोध के नाम पर अराजकता फैलाकर देश को अस्थिर करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सरकार कठोर कदम उठा सकती है। उन्होंने कहा कि ‘प्रबुद्ध जन संवाद’ का उद्देश्य बुद्धिजीवियों के माध्यम से विपक्ष की नीतियों और भूमिका पर चर्चा करना है।

उन्होंने एसआईआर के विरोध का मुद्दा उठाते हुए विपक्ष की मंशा पर सवाल खड़े किए और मतदाता सूची की शुद्धता तथा घुसपैठ के विषय पर चर्चा की आवश्यकता बताई।

कई गणमान्य लोग रहे उपस्थित

कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष प्रकाश कुमार भगत और कन्हैया सिंह ने भी विचार रखे। मौके पर भाजपा जिला महामंत्री बृजनन्दन सिंह, कृष्णकांत मिश्रा, प्रो. महेश केसरी, प्रो. निरंजन दुबे, प्रो. अनिता केसरी, प्रो. बलवंत सिंह, डॉ. श्रीराम चंद्रवंशी, अधिवक्ता प्रभात कुमार भगत, ओंकार वर्णवाल, साधना सिंह सहित कई प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित थे।
और नया पुराने