Jamui: गिद्धौर में घर के बाहर खड़ा टेम्पू चोरी, सुबह उठने पर गायब मिली गाड़ी; महिला ने थाने में दिया आवेदन

जमुई/बिहार। जिले के गिद्धौर थाना क्षेत्र में वाहन चोरी कीघटना सामने आई है। यादव टोला निवासी बबीता कुमारी का टेम्पू घर के बाहर से चोरी हो गया। घटना के बाद पीड़ित परिवार की परेशानी बढ़ गई है। टेम्पू ही परिवार की आजीविका का प्रमुख साधन बताया जा रहा है।

रात में घर के बाहर खड़ा था टेम्पू, सुबह मिला गायब

पीड़िता बबीता कुमारी के अनुसार, 30 अक्टूबर की रात उनका टेम्पू घर के पास खड़ा था। देर रात करीब 12 बजे के बाद अज्ञात चोरों ने वाहन पर हाथ साफ कर दिया। 31 अक्टूबर की सुबह करीब पांच बजे जब वह उठीं तो घर के बाहर से टेम्पू गायब था। इसके बाद परिजनों ने अपने स्तर से आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन वाहन का कोई सुराग नहीं मिला।

गिद्धौर थाने में आवेदन देकर लगाई बरामदगी की गुहार

वाहन की तलाश में सफलता नहीं मिलने पर बबीता कुमारी ने 31 अक्टूबर को गिद्धौर थाना पहुंचकर थानाध्यक्ष को लिखित आवेदन दिया। उन्होंने पुलिस से चोरी हुए टेम्पू की तलाश कर बरामदगी सुनिश्चित करने की गुहार लगाई है।

आवेदन के मुताबिक, चोरी हुए टेम्पू का पंजीकरण नंबर BR46P5257 है। वाहन कुन्दन कुमार, पिता सीताराम यादव के नाम से पंजीकृत है। इसका पंजीकरण 10 जून 2022 को हुआ था।

टेम्पू चोरी से परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट

बबीता कुमारी ने आवेदन में बताया है कि टेम्पू चोरी हो जाने से उनका परिवार काफी परेशान है। वाहन परिवार की रोजी-रोटी से जुड़ा हुआ है। ऐसे में इसके चोरी होने से आजीविका पर संकट खड़ा हो गया है। पीड़िता ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द टेम्पू बरामद करने की मांग की है।

फिलहाल पुलिस की ओर से मामले में की गई कार्रवाई और वाहन की बरामदगी को लेकर जानकारी सामने आना बाकी है।
और नया पुराने