लखीसराय/बिहार। राष्ट्रीय एकता दिवस एवं लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पर्यावरण भारती की ओर से शनिवार को बिछवे गांव में पौधारोपण अभियान चलाया गया। इस दौरान देव वृक्षों और औषधीय पौधों सहित कुल आठ पौधे लगाए गए। अभियान का नेतृत्व पर्यावरण प्रहरी हिमालय ने किया।
पीपल, बरगद और गूलर सहित लगाए गए आठ पौधे
पौधारोपण कार्यक्रम के तहत पीपल का एक, बरगद के दो, गूलर के दो, पाकड़ का एक, कदंब का एक तथा औषधीय गुणों से युक्त तुलसी का एक पौधा लगाया गया। आयोजन के माध्यम से लोगों को प्रकृति संरक्षण और भारतीय परंपरा में वृक्षों के महत्व के प्रति जागरूक किया गया।
1.25 लाख से अधिक पौधे लगाने का दावा
पर्यावरण भारती के संस्थापक राम बिलास शाण्डिल्य ने बताया कि संस्था वर्ष 2008 से लगातार पौधारोपण अभियान चला रही है। अब तक 1,25,913 पौधे लगाए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि इनमें लगभग 80 प्रतिशत पौधे विकसित होकर लोगों को प्राकृतिक ऑक्सीजन, छाया, फल-फूल और औषधीय लाभ प्रदान कर रहे हैं।
उन्होंने जन्मदिन, पुण्यतिथि और वर्षगांठ जैसे अवसरों पर पौधारोपण करने की अपील करते हुए कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।
सरदार पटेल के योगदान को किया याद
इस अवसर पर शाण्डिल्य ने सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि देश की 560 से अधिक रियासतों के एकीकरण में पटेल की भूमिका ऐतिहासिक रही। उनके सम्मान में गुजरात में 182 मीटर ऊंची स्टैच्यू ऑफ यूनिटी स्थापित की गई है।
कार्यक्रम में कृष्णा शंकर, लाल साहब, शंकर प्रसाद, भूटाली यादव, हिमालय, सुरेंद्र चन्द्रवंशी, सागर महतो, प्रेम प्रकाश, बादल महतो और राम बिलास शाण्डिल्य सहित अन्य लोगों ने पौधारोपण में भाग लिया।
Tags:
Bihar

