जमुई के नुमर में कार से 304 लीटर विदेशी शराब बरामद, तस्कर फरार, 34 पेटियों से मिलीं 768 बोतलें

जमुई/बिहार। जिले में शराब तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत उत्पाद विभाग की टीम ने नुमर गांव से शराब लदी एक कार जब्त की है। कार की तलाशी में 34 पेटियों में रखी 768 बोतल विदेशी शराब बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा 304.560 लीटर बताई गई है। हालांकि, टीम को देखकर भाग रहा चालक टायर पंचर होने के बाद वाहन छोड़कर फरार हो गया।

ड्रोन अभियान के दौरान मिली कार

उत्पाद अधीक्षक सुभाष कुमार ने देर शाम प्रेस वार्ता में बताया कि उत्पाद विभाग की टीम ड्रोन की सहायता से छापेमारी अभियान चलाने जा रही थी। इसी दौरान बाबा ढाबा के समीप मलयपुर स्टेशन की ओर से आ रही एक कार टीम को देखकर तेज गति से भागने लगी। संदेह होने पर टीम ने पीछा किया। इस दौरान कार नुमर गांव पहुंच गई, जहां उसका टायर पंचर हो गया और चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।

768 बोतल विदेशी शराब जब्त

ग्रामीणों से शराब लदी कार की सूचना मिलने पर दूसरी टीम को मौके पर भेजा गया। उत्पाद थाना प्रभारी गौरी शंकर कुमार के नेतृत्व में एसआई मधुसूदन यादव, एएसआई प्रतिभा कुमारी सहित अन्य पदाधिकारियों ने कार जब्त कर उत्पाद थाना पहुंचाया। तलाशी में 34 पेटियों से 768 बोतल शराब मिली।

तस्कर की पहचान में जुटा विभाग

उत्पाद अधीक्षक ने बताया कि फरार चालक और तस्कर की पहचान की जा रही है। घटनास्थल से कुछ शराब लूटे जाने की सूचना भी मिली है, जिसकी जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि अवैध शराब के परिवहन, भंडारण और बिक्री के विरुद्ध अभियान जारी रहेगा तथा संलिप्त लोगों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
और नया पुराने